उत्तर प्रदेश की राजनीति और यादव परिवार के लिए यह बेहद दुखद क्षण है। समाजवादी पार्टी के संस्थापक और पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव का निधन हो गया। उनके निधन की खबर सामने आते ही राजनीतिक और सामाजिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई। परिवार के सदस्यों के साथ-साथ कई बड़े नेताओं ने भी गहरा दुख व्यक्त किया है।
सौतेले भाई के मौत पर अखिलेश यादव हुए भावुक
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अपने सौतेले भाई प्रतीक यादव के निधन पर भावुक प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, प्रतीक यादव का निधन अत्यंत दुखद है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें। विनम्र श्रद्धांजलि। इसके अलावा अखिलेश यादव पोस्टमार्टम हाउस भी पहुंचे, जहां उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि प्रतीक हमेशा अपनी सेहत को लेकर सजग रहते थे। उन्होंने बताया कि करीब दो महीने पहले ही दोनों की मुलाकात हुई थी और उस दौरान व्यापार को आगे बढ़ाने को लेकर चर्चा हुई थी।
प्रतीक यादव के निधन से परिवार को गहरा आघात
प्रतीक यादव, अपर्णा यादव के पति थे और लंबे समय से व्यवसाय से जुड़े हुए थे। वे राजनीति से दूरी बनाए रखते थे, लेकिन यादव परिवार का महत्वपूर्ण हिस्सा माने जाते थे। उनके निधन से परिवार को गहरा आघात पहुंचा है।
परिवार को गहरा आघात ने जताया शोक
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी शोक व्यक्त करते हुए कहा कि प्रतीक यादव का असामयिक निधन अत्यंत दुखद है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को इस कठिन समय में धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की।
दुख को सहने की शक्ति दे: केशव प्रसाद मौर्य
वहीं, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि यह समाचार बेहद पीड़ादायक है और ईश्वर परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति दे। दूसरे उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने भी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि प्रतीक यादव के निधन से राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक का माहौल है। प्रतीक यादव के निधन ने पूरे यादव परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर सभी दलों के नेताओं ने इस दुखद घटना पर संवेदना प्रकट की है।
Written By: Geeta Sharma