उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के सिकंदरा इलाके से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां, एक महिला ने अपने 44 वर्षीय पति का  कथित तौर पर हत्या कर दी है। फिर उसके शव को बाथरूम के फर्श के नीचे दफना दिया। इतना ही नहीं बचने के लिए पुलिस थाने जाकर गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज करा दी। महिला करीबन 45 दिनों तक पुलिस को गुमराह करती रही। बता दें कि मामले का खुलासा तब हुआ जब पुलिस वेरीफिकेशन के लिए उसके घर पहुंची। इसके बाद महिला ने घबराकर अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने रूबी शर्मा का हिरासत में ले लिया है।

पत्नी ने 45 दिन तक छिपाया राज

आगरा के दहतोरा क्षेत्र में रहने वाले सुरेंद्र शर्मा की गुमशुदगी की रिपोर्ट उनकी पत्नी रूबी ने 26 मई को सिकंदरा थाने में दर्ज कराई थी। सुरेंद्र अपनी पत्नी और दो बेटियों के साथ रहते थे। पुलिस के अनुसार, दोनों की शादी करीब 16 वर्ष पहले हुई थी।

जांच में ये बात आई सामने

जांच में सामने आया कि घटना वाले दिन रूबी ने पहले अपनी दोनों बेटियों को सुरेंद्र के बड़े भाई के घर भेज दिया। इसके बाद उसने कथित तौर पर पति को नींद की गोलियां मिलाकर खीर खिलाई। जब सुरेंद्र बेहोश हो गए, तो उनका गला घोंटकर हत्या कर दी गई। अगले दिन सुबह बाथरूम में गड्ढा खोदकर शव को दफना दिया गया और ऊपर से सीमेंट डालकर फर्श बना दिया गया।

पुलिस ने कही ये बात

पुलिस के अनुसार, इसके बाद लगभग 45 दिनों तक रूबी ने परिवार और पड़ोसियों को यही बताया कि सुरेंद्र घर छोड़कर कहीं चले गए हैं। इस दौरान वह उनके लापता होने को लेकर चिंता और दुख भी जाहिर करती रही, जिससे किसी को उस पर संदेह न हो। मामले का खुलासा तब हुआ, जब पुलिस की एक टीम सुरेंद्र से जुड़े पुराने मामले के सत्यापन के लिए उनके घर पहुंची। पूछताछ के दौरान अधिकारियों को रूबी का व्यवहार संदिग्ध लगा। इसी बीच सुरेंद्र के बड़े भाई ने भी पुलिस को बताया कि उन्हें पहले से ही अपने भाई की गुमशुदगी और रूबी के व्यवहार पर शक था।

पूछताछ में जुटी पुलिस

इसके बाद पुलिस ने रूबी से विस्तार से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान वह कथित तौर पर टूट गई और हत्या करने की बात स्वीकार करते हुए शव को दफनाने की जगह भी बता दी। पुलिस ने बाथरूम का फर्श तुड़वाकर शव बाहर निकलवाया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। हरिपर्वत सर्कल की एसीपी अमीशा ने ब ताया कि 26 मई को दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट की जांच के दौरान यह मामला सामने आया। उन्होंने कहा कि आरोपी महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है तथा मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई जारी है।

 

 

 

Written By Toshi Shah