अफगानिस्तान की सेना ने पाकिस्तान-अफगानिस्तान सीमा पर स्थित डूरंड लाइन पार करते हुए खोस्त–खुर्रम क्षेत्र के पास पाकिस्तानी सैन्य ठिकानों पर बड़ा हमला किया है। इस कार्रवाई को एक तरह की सर्जिकल स्ट्राइक माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि इस हमले में अफगान बलों ने खुर्रम इलाके में मौजूद पाकिस्तानी सेना के ठिकानों को निशाना बनाया और एक सैन्य वाहन को आग के हवाले कर दिया। इसके अलावा भी कई ठिकानों पर हमला किया गया।
तोपों और टैंकों से हमला जारी
जानकारी के अनुसार, अफगान सेना ने आर्टिलरी और टैंकों का इस्तेमाल करते हुए लगातार गोलाबारी की। देर रात तक सीमा पर संघर्ष जारी रहा, जिससे तनाव और बढ़ गया। खबर है कि रात करीब 12:30 बजे तक इस कार्रवाई में पाकिस्तान के 3 सैनिक मारे गए, जबकि 12 अन्य घायल हुए हैं।
पहले भी लगे थे आरोप
इससे पहले 3 मार्च को अफगानिस्तान ने पाकिस्तान की सेना पर कुनार प्रांत के असदाबाद के बाहरी इलाकों में फायरिंग करने का आरोप लगाया था। इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हुई थी और 16 लोग घायल हुए थे, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे। यह विवाद फरवरी में तब और बढ़ा, जब पाकिस्तान ने सीमा के पास हवाई हमले किए थे, जिसके जवाब में अफगानिस्तान ने भी कार्रवाई की थी।
तनाव की क्या है वजह?
हाल के समय में दोनों देशों के बीच हिंसक झड़पों में तेजी आई है और रिश्ते लगातार खराब होते जा रहे हैं। पाकिस्तान का कहना है कि अफगानिस्तान की तालिबान सरकार, पाकिस्तानी तालिबान (टीटीपी) जैसे उग्रवादी संगठनों को शरण देती है, जो पाकिस्तान में हमले करते हैं। वहीं, अफगान तालिबान इन आरोपों से इनकार करता है और कहता है कि टीटीपी पाकिस्तान की आंतरिक समस्या है, जिसका समाधान उसे खुद करना चाहिए।
Written By Toshi Shah