Lucknow murder case: लखनऊ से बेहद ही शर्मनाक खबर सामने आई है। जहां युवक ने दूसरे युवक के साथ रिश्ता होने के शक में  प्रेमिका की हत्या कर दी। जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। वहीं अब लखनऊ पुलिस ने शिवानी सिंह की हत्या की गुत्थी सुलझा ली है। साथ ही पुलिस ने आरोपी प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि यह घटना सगाई के महज 4 दिन बाद हुआ। 

क्या है पूरा मामला?

पुलिस जांच में पता चला कि शिवानी की हत्या उसके बॉयफ्रेंड प्रेम कुमार मांझी ने जलन और शक के चलते की थी। पुलिस के अनुसार शिवानी सिंह 17 मई की दोपहर करीब 1 बजे घर से ऑफिस जाने के लिए निकली थी,लेकिन वापस नहीं लौटी। अगले दिन परिजन ने थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। इसी दौरान सोमवार सुबह सुशांत गोल्फ सिटी क्षेत्र के जंगल में एक युवती का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की तस्वीर परिजनों को दिखाई,जिसके बाद परिजन ने अपनी बेटी शिवानी के रूप में पहचान की।

आरोपी प्रेमी ने कबूला जुर्म

लखनऊ के आवास विकास योजना क्षेत्र में युवती की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि युवती की हत्या उसके प्रेमी प्रेम कुमार मांझी ने की थी। आरोपी ने पूछताछ के दौरान अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से आरोपी तक पहुंच बनाई और उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

डिलीवरी बॉय का काम करता है आरोपी प्रेमी

पुलिस के अनुसार, प्रेम कुमार मांझी मूल रूप से बिहार के छपरा जिले का रहने वाला है और लखनऊ के एल्डिको कॉलोनी में किराये के मकान में रहता था। वह एक डिलीवरी बॉय के रूप में काम करता था। आरोपी ने बताया कि वह शिवानी के साथ पिछले कई वर्षों से रिश्ते में था। हालांकि, पिछले कुछ समय से उसे शक होने लगा था कि शिवानी अपने ऑफिस के सहकर्मी मनीष के करीब आ रही है। दोनों की तस्वीरें और बातचीत देखकर उसके मन में जलन और गुस्सा बढ़ता गया।

शक के चलते आरोपी ने रची हत्या की साजिश

इसी शक के चलते आरोपी ने हत्या की साजिश रची। रविवार रात वह शिवानी को बाइक पर बैठाकर आवास विकास योजना क्षेत्र के पास जंगल में ले गया। वहां उसने वाटर लेवलिंग में इस्तेमाल होने वाले रबर पाइप से उसका गला घोंट दिया। हत्या के बाद उसने शव को झाड़ियों में फेंक दिया और पहचान छिपाने के लिए पास पड़ी सीमेंट की ईंट से सिर कुचल दिया। वारदात के बाद आरोपी ने शिवानी का मोबाइल फोन तेलीबाग नहर में फेंक दिया।

परिवार का सहारा थी मृतिक शिवानी

शिवानी अपने माता-पिता और छोटी बहन के साथ एल्डिको उद्यान इलाके में रहती थी। परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है। उसकी मां घरों में काम करती हैं, जबकि पिता शटरिंग मजदूर हैं। शिवानी नौकरी कर परिवार का सहारा बन रही थी। हाल ही में 14 मई को उसकी सगाई प्रकाश नामक युवक से हुई थी और घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। डीसीपी साउथ अमित कुमार आनंद ने बताया कि मामले की जांच के लिए चार टीमों का गठन किया गया था। हत्या में इस्तेमाल की गई सीमेंट की ईंट भी बरामद कर ली गई है।

Written By: Geeta Sharma