उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है, जहां तेज आंधी-तूफान के बीच निर्माणाधीन पुल का एक हिस्सा अचानक ढह गया। इस हादसे में मलबे में दबकर अब तक पांच मजदूरों की मौत हो चुकी है, जबकि कई अन्य के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है।

पुल के नीचे सो रहे थे मजदूर

यह पुल थाना लालपुर क्षेत्र के मोराकंदर और कुरारा के मवाईजार को जोड़ने के लिए बेतवा नदी पर बनाया जा रहा था। घटना गुरुवार-शुक्रवार की रात करीब 3 बजे हुई, जब पुल का एक बड़ा हिस्सा अचानक गिर पड़ा। बताया जा रहा है कि उस समय कई मजदूर पुल के नीचे सो रहे थे, जो रोजाना सुबह काम पर लगते थे।

बचाव कार्य में जुटी पुलिस

हादसे के बाद मौके पर पुलिस बल और स्थानीय लोग राहत व बचाव कार्य में जुट गए हैं। मलबा हटाकर फंसे लोगों को निकालने की कोशिशें लगातार जारी हैं। आशंका जताई जा रही है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। स्थानीय लोगों और कुछ सूत्रों के अनुसार निर्माण स्थल पर सुरक्षा इंतजामों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और रेस्क्यू ऑपरेशन तेज कर दिया गया है।

Written By Toshi Shah