UP T20 League Season-4: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश खेलों के क्षेत्र में लगातार अपनी अलग पहचान बना रहा है। प्रदेश सरकार की ओर से आधुनिक खेल सुविधाओं के विकास, खिलाड़ियों को बेहतर अवसर देने और बड़े खेल आयोजनों को प्रोत्साहन देने की नीति का असर अब साफ दिखाई देने लगा है। उत्तर प्रदेश अब केवल सांस्कृतिक और औद्योगिक क्षेत्र में ही नहीं, बल्कि खेलों के प्रमुख केंद्र के रूप में भी तेजी से आगे बढ़ रहा है।
अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाओं का विस्तार
राज्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। खिलाड़ियों को प्रशिक्षण, संसाधन और प्रतियोगिताओं के माध्यम से अपनी प्रतिभा दिखाने के अवसर मिल रहे हैं। इसी कड़ी में उत्तर प्रदेश टी-20 लीग का चौथा सीजन प्रदेश में क्रिकेट के बढ़ते प्रभाव और खेल संस्कृति को मजबूती देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
इकाना स्टेडियम में हुआ लीग के उद्घाटन समारोह का शंखनाद
लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में सोमवार को उत्तर प्रदेश टी-20 लीग के चौथे सीजन के उद्घाटन समारोह की तैयारियों का औपचारिक आगाज हुआ। समारोह के दौरान लीग के उद्घाटन कार्यक्रम के टिकटों की लॉन्चिंग की गई।
उद्घाटन समारोह के लिए 4000 टिकट रियायती दरों पर जारी
आयोजकों ने उद्घाटन समारोह के लिए 4000 टिकट रियायती दरों पर जारी किए हैं। इनमें अपर ब्लॉक की टिकट 349 रुपये और लोअर विंग की टिकट 499 रुपये रखी गई है। टिकट पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर उपलब्ध होंगे। क्रिकेट प्रेमी इन टिकटों को ई-डिस्ट्रिक्ट एप के माध्यम से भी प्राप्त कर सकेंगे।
14 अगस्त को होगा भव्य उद्घाटन समारोह
उत्तर प्रदेश टी-20 लीग का उद्घाटन समारोह 14 अगस्त को इकाना क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। इस समारोह को यादगार बनाने के लिए कई विशेष कार्यक्रमों की तैयारी की गई है। इसमें प्रसिद्ध सितार वादक ऋषभ रिखीराम शर्मा और लोकप्रिय गायिका जैस्मीन सैंडलास अपनी प्रस्तुतियां देंगी।
भव्य ड्रोन शो और आतिशबाजी का आयोजन
इसके अलावा समारोह में भव्य ड्रोन शो और आतिशबाजी का आयोजन भी किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार, यह नजारा उत्तर प्रदेश में पहली बार इस स्तर पर देखने को मिलेगा। कार्यक्रम का संचालन प्रसिद्ध खेल एंकर जतिन सप्रू करेंगे। रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ यह उद्घाटन समारोह खेल और मनोरंजन का शानदार संगम पेश करेगा।
पहली बार दो शहरों में आयोजित होगी यूपी टी-20 लीग
यूपी टी-20 लीग की गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने बताया कि इस बार लीग का आयोजन पहली बार दो शहरों में किया जा रहा है। इससे प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों के क्रिकेट प्रशंसकों को मुकाबले देखने का अवसर मिलेगा।
लीग का पहला चरण 14 अगस्त से 26 अगस्त
लीग का पहला चरण 14 अगस्त से 26 अगस्त तक लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। इस दौरान उद्घाटन समारोह सहित कुल 22 मुकाबले आयोजित होंगे। इसके बाद प्रतियोगिता का दूसरा चरण कानपुर के ऐतिहासिक ग्रीन पार्क स्टेडियम में होगा।
कानपुर में होगा फाइनल, क्रिकेट प्रेमियों को मिलेगा रोमांच
लीग का दूसरा चरण 28 अगस्त से शुरू होगा, जिसमें कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में 12 मुकाबले खेले जाएंगे। टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 6 सितंबर को कानपुर में आयोजित किया जाएगा। फाइनल के साथ भव्य समापन समारोह भी होगा।
आयोजकों का मानना है कि उत्तर प्रदेश टी-20 लीग प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच उपलब्ध कराएगी। इस तरह के आयोजन न केवल क्रिकेट को बढ़ावा देंगे, बल्कि राज्य में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
उत्तर प्रदेश टी-20 लीग का 4 सीजन क्रिकेट प्रशंसकों के लिए होगा रोमांचक
उत्तर प्रदेश टी-20 लीग का चौथा सीजन क्रिकेट प्रशंसकों के लिए रोमांच, मनोरंजन और नई प्रतिभाओं की खोज का बड़ा अवसर लेकर आ रहा है। आधुनिक खेल सुविधाओं और बड़े आयोजनों के माध्यम से उत्तर प्रदेश देश के प्रमुख खेल राज्यों में अपनी मजबूत जगह बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
Written By: Geeta Sharma