डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर आज यानी मंगलवार को संसद परिसर स्थित प्रेरणा स्थल पर एक कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के बीच सौहार्दपूर्ण माहौल देखने को मिला। दोनों नेताओं ने एक-दूसरे का अभिवादन किया और संक्षिप्त बातचीत के दौरान मुस्कुराते हुए नजर आए। इस मौके पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, केंद्रीय मंत्री किरन रिजिजू सहित कई अन्य नेताओं ने भी अंबेडकर को श्रद्धांजलि दी।

वीडियो में हंसते हुए दिखें मोदी और खरगे

एएनआई द्वारा साझा वीडियो में दिखा कि पीएम मोदी, ओम बिरला और उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन से मुलाकात के बाद खरगे के पास पहुंचे और उनसे हाथ मिलाया। दोनों के बीच कुछ पल की बातचीत हुई, जिसके बाद वे साथ में हंसते हुए भी दिखाई दिए।

कुछ दिन पहले ही राहुल-मोदी ने भी थी बात

इससे पहले हाल ही में पीएम मोदी और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के बीच भी संसद में संक्षिप्त बातचीत देखने को मिली थी। दोनों ने एक-दूसरे के साथ विनम्रता से कुछ शब्द साझा किए और फिर अपने-अपने कार्यों में व्यस्त हो गए।

पीएम मीद ने अंबेडकर जयती पर शेयर किया पोस्ट

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अंबेडकर को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उनका राष्ट्र निर्माण में योगदान आज भी प्रेरणास्रोत है, उन्होंने लिखा कि बाबासाहेब का जीवन और कार्य आने वाली पीढ़ियों को एक न्यायपूर्ण और प्रगतिशील समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करता रहेगा।

खरगे ने अंबेडकर को बताया दूरदर्शी नेता

वहीं, खरगे ने अंबेडकर को एक दूरदर्शी नेता बताते हुए कहा कि उन्होंने भारत को उसकी संवैधानिक और नैतिक दिशा दी। उन्होंने नागरिकों से संविधान के मूल्यों की रक्षा करने की अपील की। राहुल गांधी ने भी कहा कि आज संविधान और अंबेडकर के आदर्श चुनौतियों का सामना कर रहे हैं, और वे उनकी रक्षा के लिए पूरी मजबूती से संघर्ष करेंगे।

 

Written By Toshi Shah