Delhi Malviya Nagar Fire News: दिल्ली के मालवीय नगर के एक रेस्टोरेंट में भीषण आग लगने की खबर सामने आ रही है। इस हादसे में अब तक 18 लोगों की मौत होने की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि मौत का आंकड़ा बढ़ सकता है। जानकारी के अनुसार मरने वालों में ज्यादातर दक्षिण अफ्रीका के हैं। वहीं आग की घटना का शिकार हुए रेस्टोरेंट का नाम लेमन ग्रीन है।
मौके पर पहुंची दमकल विभाग की गाड़ियां
दिल्ली अग्निशमन सेवा (DFS) को सुबह 9:45 बजे आग लगने की सूचना मिली, जिसके बाद तुरंत दमकल की कई गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। आग इतनी भयावह थी कि देखते ही देखते धुएं ने पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया।
सभी घायलों को अस्पताल में कराया गया भर्ती
मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने रेस्टोरेंट के बेसमेंट और अन्य हिस्सों में फंसे कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। गंभीर रूप से झुलसे लोगों को तत्काल एम्बुलेंस की सहायता से नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार घायलों की स्थिति के बारे में विस्तृत जानकारी डॉक्टरों की रिपोर्ट मिलने के बाद ही सामने आएगी।
आग पर काबू पाने में जुटी फायर ब्रिगेड की टीम
नेहरू प्लेस फायर स्टेशन के डिविजनल ऑफिसर रविंदर के नेतृत्व में बचाव अभियान चलाया गया। आग पर काबू पाने के लिए फायर ब्रिगेड की 10 गाड़ियों को तैनात किया गया था। अधिकारियों ने बताया कि आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया है, लेकिन भवन में किसी के फंसे होने की आशंका को देखते हुए खोज और बचाव अभियान जारी है।
घटना पर बोले आप नेता सोमनाथ भारती
इस घटना पर आम आदमी पार्टी के नेता सोमनाथ भारती ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए बताया कि सुबह करीब 8:30 बजे उनके विधानसभा क्षेत्र हौजरानी में यह हादसा हुआ। उन्होंने आशंका जताई कि इस घटना में कई लोगों की जान गई है और मृतकों में अधिकांश दक्षिण अफ्रीकी नागरिक बताए जा रहे हैं।
पुलिस आग लगने के कारणों की कर रही जांच
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। दमकल विभाग और पुलिस की टीम घटनास्थल का निरीक्षण कर रही है तथा आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। हादसे के बाद पूरी इमारत धुएं और कालिख से काली पड़ गई है।
Written By: Geeta Sharma