Gujarat Fire News: गुजरात में सूरत के लिंबायत इलाके में एक इमारत में भीषण आग लग गई। इस हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैली हुई है। घर में आग लगने के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस इस मामले की जांच में जुटी हुई है।

हादसे में 5 लोगों की मौत

इस हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई है। जानकारी के अनुसार, 2 मंजिला इमारत के ग्राउंड फ्लोर के एक घर में अचानक आग लग गई। बताया जा रहा कि आग इतनी भयानक थी कि घर के अंदर से किसी को बाहर निकलने तक का मौका नहीं मिला, और देखते ही देखते 5 लोग जिंदा जल गए। हालांकि सूचना के बाद दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घर में फंसे सभी लोगों को बाहर निकाला गया। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने 5 लोगों को मृत घोषित कर दिया।

एक ही परिवार के थे 5 लोग

बताया जा रहा कि इस हादसे में मरने वाले सभी एक ही परिवार के सदस्य थे। जिसमें 65 वर्षीय शहनाज बेगम अंसारी, 18 वर्षीय हुसैना बेगम अंसारी, 28 वर्षीय शबीना रमजान अंसारी, 19 वर्षीय खुशनुमा अब्दुल अंसारी, 4 वर्षीय मासूम सुभान रमजान अंसारी शामिल थे।

'कमरे से बड़ी मात्रा में साड़ियां बरामद हुईं'

शुरूआती जांच में कमरे से बड़ी मात्रा में साड़ियां बरामद हुईं। हालांकि अभी तक आग लगने का कारणों का पता नहीं चल पाया है। आसपास के लोगों के अनुसार आग लगते ही घर में अफरा-तफरी मच गई। चारों ओर धुआं उठता दिखाई दिया। वहीं घटना के बाद डीसीपी और मुख्य अग्निशमन अधिकारी सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे।

दम घुटने से मौत की आशंका

इस घटना पर पूर्व मेयर दक्षेशभाई मावानी ने कहा, "मीठी खाड़ी के पास एक दुखद घटना घटी है। मुझे पता चला कि आग लगने से 5 लोग घायल हो गए हैं। परिवार साड़ी बनाने का काम करता था। मौत आग से नहीं बल्कि धुएं के कारण दम घुटने से हुई। फिलहाल अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं।

घटना पर क्या बोले गुजरात के एडिशनल सीपी 

इस मामले पर एडिशनल सीपी बलराम मीणा ने मीडिया से बातचीत की। उन्होंने कहा कि "आज सुबह लिंबायत पुलिस स्टेशन में एक घर में आग लगने की दुर्घटना के बारे में सूचना मिली। इस घटना में 5 लोगों की मौत हो गई है। आग लगने के कारणों की जांच की जाएगी।

 

 

Writen By: Geeta Sharma