Ujjain Borewell Rescue Operation:  उज्जैन से बेहद ही दुखद खबर सामने आई है। बड़नगर तहसील के झलारिया में खेलते समय 3 साल का बच्चा भागीरथ बोरवेल में गिर गया। यह घटना 10 अप्रैल गुरुवार की रात करीब 7 बजे की बताई जा रही है। वहीं बच्चे को निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। जानकारी के अनुसार भोपाल से NDRF की टीम, हरदा, इंदौर और उज्जैन की SDRF टीम के साथ जॉइंट रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।

70 फीट गहराई में फंसा बच्चा

NDRF की टीम के अनुसार करीब 70 फीट गहराई में बच्चा फंसा हुआ है। उस तक पहुंचने के लिए गड्ढा खोदा जा रहा है। अब तक करीब 40 फीट खुदाई कर ली गई है। बोरवेल में कैमरा डालकर बच्चे की स्थिति पर नजर रखी जा रही है। साथ ही उसे ऑक्सीजन सपोर्ट भी दिया जा रहा है। मौके पर 2 एंबुलेंस भी तैनात किए गए हैं।

मां ने की थी बचाने की कोशिश

भागीरथ का परिवार राजस्थान के पाली जिले का रहने वाला है। इनका परिवार पिछले 3दिन से इलाके में भेड़ चराने के लिए रुका हुआ था। परिजन के अनुसार, बच्चा दीवार के पास खेल रहा था। उसने पत्थर से बोरवेल का ढक्कन हटाया और बाल्टी समझकर पैर डाल दिया, जिससे वह अंदर गिर गया। हालांकि मां ने उसे गिरते देख बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी।

 Writen By: Geeta Sharma