Greater Noida News: उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा के दादरी क्षेत्र स्थित घोड़ी बछेड़ा गांव में 20 वर्षीय नवविवाहिता मोनिका नागर की संदिग्ध मौत ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। महज 3 महीने पहले प्रेम विवाह करने वाली मोनिका अब रहस्यमयी परिस्थितियों में मृत पाई गई। मामला तब और गंभीर हो गया जब ससुराल पक्ष कथित तौर पर जल्दबाजी में उसका अंतिम संस्कार करने पहुंच गया, लेकिन मायके पक्ष की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने जलती चिता से शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मोनिका नागर ने परिवार के खिलाफ की थी शादी

जानकारी के अनुसार, सेक्टर जू निवासी मोनिका नागर ने 16 फरवरी को घोड़ी बछेड़ा गांव के रहने वाले अनुज चौहान से कोर्ट मैरिज की थी। दोनों ने परिवार की मर्जी के खिलाफ शादी की थी, हालांकि बाद में दोनों परिवार इस रिश्ते के लिए राजी हो गए थे। बताया जा रहा है कि दोनों परिवार पहले से एक-दूसरे को जानते थे क्योंकि दोनों के पिता ग्रेटर नोएडा में ऑटो चलाते हैं।

मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर लगाएं गभीर

शादी के 3 महीने बाद ही यह रिश्ता दर्दनाक मोड़ पर पहुंच गया। मृतका की मां रेनू नागर ने मोनिका की हत्या का आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी बेटी के नाम करीब एक करोड़ रुपये की संपत्ति थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष उस पर संपत्ति बेचकर पैसे लाने का दबाव बना रहा था। जब मोनिका ने इसका विरोध किया तो उसे लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा।

घटना वाले दिन दंपति में हुआ था विवाद

परिजनों का कहना है कि घटना वाले दिन मोनिका और उसके पति अनुज के बीच पैसों को लेकर विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने के बाद मोनिका अपने कमरे में चली गई। कुछ समय बाद जब कमरे का दरवाजा खोला गया तो वह मृत अवस्था में मिली। इसके बाद ससुराल पक्ष बिना मायके वालों को सही जानकारी दिए शव को अंतिम संस्कार के लिए ले गया।

मायके पक्ष ने जताया हत्या की आशंका

मामले की सूचना मिलने पर मायके पक्ष ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को बुलाया। जब पुलिस और मृतका के परिजन श्मशान घाट पहुंचे तो आरोपित पक्ष मौके से फरार हो चुका था। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चिता से शव को निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिससे मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सके। पुलिस का कहना है कि हर पहलू से मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

मामले पर क्या बोले SP जितेंद्र कुमार सिंह

SP जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि शव का कुछ हिस्सा जल चुका था,लेकिन जांच के लिए उसे कब्जे में ले लिया गया है। उन्होंने बताया कि मृतका की मां ने शिकायत में आरोप लगाया है कि 7 मई को मोनिका ने फोन कर बताया था कि पति,सास-ससुर और अन्य लोग उसके साथ मारपीट कर रहे हैं।

Written By: Geeta Sharma