Balaghat News:  मध्य प्रदेश के बालाघाट से अजब प्रेम की गजब प्रेम कहानी सामने आई है। जिसकी कहानी ने सभी को चौंका कर रख दिया। बताया जा रहा यह खबर बालाघाट के खैरलांजी क्षेत्र का है। जहां नर्सिंग की छात्रा प्रियंका मेश्राम की जिंदगी में एक ऐसा मोड़ आया जिसने दो परिवारों और पुलिस प्रशासन को हफ्तों तक उलझाए रखा। क्या है पूरा मामला? आइए जानते है विस्तार से।

पहला प्यार (विपिन गोंडाने): दरअसल,प्रियंका और एम्बुलेंस चालक विपिन का प्रेम प्रसंग काफी पुराना था। दोनों के परिवारों ने रिश्ते को मंजूरी भी दे दी थी। जिसके बाद पूरे रीति रिवाज से सगाई हुई और 25 मार्च 2026 को उनकी शादी की तारीख तय हो चुकी थी।

अचानक मिला दूसरा प्यार (हर्ष घरड़े): लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। शादी से ठीक पहले प्रियंका ने अपने क्लासमेट हर्ष घरड़े के साथ 13 फरवरी 2026 को महाराष्ट्र के चुलहाड में विवाह कर लिया। उसी के घर पर 2 महीने तक परिवार के साथ रहीं।

शादी के बाद भी पुराने प्यार की आई याद

प्रियंका मेश्राम की शादी हर्ष घरड़े से हुई थी, लेकिन शादी के बाद भी उनका मन अशांत बना रहा। उनके दिल में अपने पहले प्यार विपिन गोंडाने की यादें लगातार दस्तक देती रहीं। इसी भावनात्मक उलझन के चलते प्रियंका ने 4 मई को कॉलेज जाने का बहाना बनाया और हर्ष का घर छोड़कर नागपुर पहुंच गईं,जहां वह विपिन के साथ रहने लगीं। परिवार वालों को जब प्रियंका के अचानक गायब होने की जानकारी मिली,तो उन्होंने खैरलांजी थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।

16 मई को पुलिस ने प्रियंका खोज निकाला

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने साइबर सेल की मदद ली और तकनीकी जांच शुरू की। कई दिनों की तलाश के बाद 16 मई को पुलिस ने प्रियंका को नागपुर से खोज निकाला। इसके बाद उन्हें खैरलांजी थाने लाया गया,जहां प्रियंका,हर्ष और विपिन तीनों आमने-सामने आए। थाने में घंटों तक बातचीत और विवाद का दौर चला।

बहकावे में आकर हर्ष से किया प्रेम विवाह

इस दौरान प्रियंका ने पुलिस और परिजनों के सामने अपना स्पष्ट बयान दिया। उन्होंने कहा कि उन्होंने जल्दबाजी और बहकावे में आकर हर्ष से प्रेम विवाह किया था, लेकिन अब उन्हें एहसास हो गया है कि वह सिर्फ विपिन के साथ ही खुश रह सकती हैं। प्रियंका ने यह भी कहा कि वह अपनी मर्जी से विपिन के पास गई थीं और अब उसी के साथ रहना चाहती हैं।

प्रियंका अपने पहले प्यार के पास लौट गई

चूंकि प्रियंका बालिग हैं, इसलिए पुलिस ने उनके बयान को कानूनी आधार माना। थाना प्रभारी उनि दीपक गौतम के अनुसार, युवती की इच्छा को प्राथमिकता देते हुए सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी की गईं। इसके बाद पुलिस ने प्रियंका को विपिन के सुपुर्द कर दिया। विपिन ने भी प्रियंका के अतीत को स्वीकार करते हुए उन्हें दोबारा अपना लिया। यह मामला प्रेम,भावनाओं और कानून के बीच संतुलन का एक अनोखा उदाहरण बन गया।

 

Written By: Geeta Sharma