Road Accident: बिहार के रोहतास जिला में सोमवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। राष्ट्रीय राजमार्ग 319 पर हुए इस दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई। घटना दिनारा थाना क्षेत्र के मठिया गांव के पास सुबह करीब तीन बजे हुई, जब लोग एक पारिवारिक समारोह से लौट रहे थे।

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के अनुसार, सभी लोग चेनारी थाना क्षेत्र के लोधी गांव में आयोजित तिलक समारोह में शामिल होकर अपने घर वापस लौट रहे थे। बस और पिकअप वाहन में सवार ये लोग अपने गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर उतर रहे थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने दोनों वाहनों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर ही पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई।

करगहर थाना क्षेत्र रहने वाला है मृतक परिवार

मृतकों की पहचान करगहर थाना क्षेत्र के भगवानपुर गांव निवासी रामव्रत सिंह, लड़की के पिता अशोक सिंह (मठिया गांव निवासी), पिंटू सिंह और रजनीश कुमार के रूप में हुई है। वहीं एक अन्य मृतक की पहचान अब तक नहीं हो पाई है। सभी मृतक एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं, जिससे पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई है।

शादी की खुशियां मातम में बदल गईं

हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। शादी की खुशियां अचानक मातम में बदल गईं और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद बिहार पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सासाराम भेज दिया है। साथ ही क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात बहाल कराया गया। पुलिस ने बस, पिकअप और ट्रक तीनों वाहनों को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

 Written By: Geeta Sharma