आज यानी शनिवार 11 अप्रैल को संसद भवन परिसर में एक दिलचस्प और दुर्लभ दृश्य देखने को मिला, जब देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी अचानक आमने-सामने आ गए। दोनों नेताओं के बीच कुछ समय तक बातचीत हुई, जिसने राजनीतिक माहौल का एक अलग ही पहलू देखने को मिला। आम तौर पर सार्वजनिक मंचों पर एक-दूसरे पर तीखे आरोप लगाने वाले ये नेता निजी तौर पर सहज संवाद करते नजर आए।

दोनों नेतों ने की बातचीत

प्रधानमंत्री मोदी अपनी कार से उतरने के बाद राहुल गांधी के पास पहुंचे और दोनों ने शांत तरीके से बातचीत की। वीडियो में देखा जा सकता है कि वे एक-दूसरे के करीब खड़े होकर ध्यानपूर्वक चर्चा कर रहे हैं। भले ही यह बातचीत बहुत लंबी नहीं थी, लेकिन बीजेपी और कांग्रेस के बीच चल रही कड़ी राजनीतिक टकराहट के बीच यह दृश्य खास महत्व रखता है।

बहुत ही कम देर हुई बात

प्रधानमंत्री और विपक्ष के नेता के बीच इस तरह का अनौपचारिक संवाद कम ही देखने को मिलता है। बातचीत के दौरान आसपास मौजूद लोग भी कुछ पल के लिए ठहर गए, जिससे यह क्षण और भी उल्लेखनीय बन गया।

ज्योतिबा फुले के 200वीं जयंती कार्यक्रम में आमने सामने हुए नेता

दरअसल, यह मौका महात्मा ज्योतिबा फुले की 200वीं जयंती के कार्यक्रम का था। प्रधानमंत्री मोदी संसद परिसर स्थित प्रेरणा स्थल पर उन्हें श्रद्धांजलि देने पहुंचे थे। इस अवसर पर कई वरिष्ठ नेता और गणमान्य लोग मौजूद थे, जिन्होंने फुले के सामाजिक न्याय, शिक्षा और वंचित वर्गों के उत्थान में योगदान को याद किया।

विभिन्न दलों के नेताओं इस कार्यक्रम में हुए शामिल

कार्यक्रम में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश सहित कई प्रमुख नेता शामिल हुए। विभिन्न दलों के नेताओं ने एक साथ आकर फुले की विरासत को सम्मान दिया, जो आज भी सामाजिक और राजनीतिक विमर्श में महत्वपूर्ण बनी हुई है।

 

Written By Toshi Shah