Baghpat Fire Tragedy: यूपी के बागपत जिले के बड़ौत शहर कोतवाली क्षेत्र के पठानकोट मोहल्ले में देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। घर में चाय बनाते समय गैस सिलेंडर में आग लगने से 4 वर्षीय मासूम जैद की मौत हो गई, जबकि उसका बड़ा भाई, दादा-दादी और चाचा गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद पूरे मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गया।
घर में कैसे लगी आग?
जानकारी के अनुसार, हासिम अपने माता-पिता, पत्नी और बच्चों के साथ पठानकोट मोहल्ले में रहता है। देर रात परिवार के सदस्य घर में चाय बना रहे थे। इसी दौरान रसोई में रखे बड़े गैस सिलेंडर में अचानक लीकेज हो गया और उसमें आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि पास में रखा पांच किलोग्राम का छोटा सिलेंडर भी उसकी चपेट में आ गया। देखते ही देखते घर में धुआं और आग फैलने लगी, जिससे परिवार के लोगों में चीख-पुकार मच गई।
4 वर्षीय जैद को आग से बचाने के चक्कर में परिवार झुलसा
आग लगते ही सभी लोग जान बचाने के लिए घर से बाहर निकलने लगे। इसी बीच परिवार को पता चला कि 4 वर्षीय जैद दिखाई नहीं दे रहा है। घबराए परिजन तुरंत उसे तलाशने के लिए दोबारा घर के अंदर पहुंचे। बाद में पता चला कि आग और धुएं से डरकर जैद एक चारपाई के नीचे छिप गया था। उसे बाहर निकालने के प्रयास में उसके दादा कय्यूम, दादी संजीदा और 10 वर्षीय भाई हुसैद भी आग की चपेट में आकर झुलस गए।
सभी घायलों को अस्पताल में कराया गया भर्ती
गंभीर रूप से झुलसे जैद को तत्काल उपचार के लिए दिल्ली के अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों के प्रयासों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल
वहीं, आग की लपटों से घिरे सिलेंडर को घर से बाहर निकालने की कोशिश में जैद के चाचा वसीम भी बुरी तरह झुलस गए। परिजनों ने किसी तरह जलते हुए सिलेंडर को घर के बाहर स्थित एक खाली प्लॉट में फेंका। हालांकि वहां भी सिलेंडर से काफी ऊंची लपटें निकलती रहीं,जिससे पूरे मोहल्ले में दहशत फैल गई। बाद में पड़ोसियों ने मिलकर आग पर काबू पाया।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई। हालांकि परिजनों ने जैद के शव का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया। बताया गया है कि जैद छह भाई-बहनों में सबसे छोटा था। उसके पिता हासिम वाहन चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है और लोग परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं।
Written By: Geeta Sharma