कहते है प्यार की कोई उम्र नहीं होती, आपको कब किसे से प्यार हो जाए कुछ कहा नहीं जा सकता। कुछ ऐसा ही मामला गोरखपुर जिले से सामने आया है। जहां 40 वर्षीय महिला अपने प्रेमी के साथ घर छोड़कर फरार हो गई। इस बात की खबर लगते ही पति अपने बच्चों के साथ उसके पास पहुंचा। पंचायत बैठी और घरवालों ने महिला को समझाया। बच्चों ने भी मां से घर चलने की जिद की। फिर महिला पति के पास लौट गई।

इंस्टाग्राम से शुरू हुआ प्रेम प्रसंग

बताया जा रहा कि करीब डेढ़ साल पहले महिला की इंस्टाग्राम पर एक 24 वर्षीय युवक से दोस्ती हुई थी। बातचीत का सिलसिला जारी हुआ, और दोस्ती प्यार में बदल गई। फिर दोनों ने साथ रहने का फैसला कर लिया। हालांकि महिला पहले से ही शादीशुदा थी और अपने परिवार, 4 बच्चों के साथ कैंपियरगंज क्षेत्र में रहती थी।

घर से अचानक लापता हुई थी महिला

19 मार्च को महिला अपने घर से अचानक लापता हो गई। इसके बाद परिवार ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन महिला का कोई सुराग नहीं लगा। यहां तक महिला का मोबाइल फोन भी बंद था। करीब 9 दिन बाद महिला के पति को सूचना मिली कि वह पीपीगंज थाना क्षेत्र के मनीराम में एक किराए के मकान में अपने बॉयफ्रेंड के साथ रह रही है। सूचना मिलते ही पति अपने बच्चों और भाई के साथ वहां पहुंचा। मां को देखकर बच्चे फूट-फूटकर रोने लगे और घर चलने की गुहार लगाने लगे। इस दौरान महिला के पति और उसके बॉयफ्रेंड के बीच कहासुनी हो गई, जिसके बाद स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई। पीपीगंज थाना पुलिस सभी को थाने ले आई। थाने में करीब 2 घंटे तक पंचायत चली, जिसमें दोनों पक्षों को समझाने की कोशिश की गई।

मामले पर क्या बोली पुलिस?

वहीं परिजनों और पुलिस के समझाने के बाद महिला अपने परिवार के साथ जाने के लिए तैयार हो गई। पीपीगंज थाना प्रभारी अरुण सिंह ने बताया कि महिला को समझा-बुझाकर उसे घर भेज दिया गया है। फिलहाल मामला शांत हो गया है और महिला ने अपने परिवार के साथ रहने के लिए मान गई है।

Writen By: Geeta Sharma