CM Yogi News:  5 जून, शुक्रवार को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक पहल की जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर चलाए जा रहे ‘एक पेड़ मां के नाम’अभियान के तहत पूरे राज्य में एक ही दिन में 5 करोड़ पौधे लगाए जाएंगे। इस महाअभियान का शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लखनऊ के कुकरैल वन क्षेत्र से करेंगे। इसके लिए सभी विभागों,मंडलों और स्थानीय निकायों को लक्ष्य निर्धारित कर जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं।

 इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में होगा अभियान का मुख्य कार्यक्रम

वन विभाग द्वारा आयोजित इस अभियान का मुख्य कार्यक्रम इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में होगा, जिसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी शामिल होंगे। कुकरैल वन क्षेत्र में वृहद स्तर पर पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यहां मुख्यमंत्री स्वयं पौधा लगाकर अभियान की शुरुआत करेंगे। इस अवसर पर 200 से अधिक पौधे रोपे जाएंगे। कार्यक्रम में वन मंत्री अरुण सक्सेना, प्रभारी मंत्री, प्रमुख सचिव, विभागाध्यक्ष और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहेंगे।

अभियान को जनआंदोलन के रूप में किया गया तैयार

राज्य सरकार ने इस अभियान को जनआंदोलन का रूप देने की तैयारी की है। अभियान के तहत प्रदेश के सभी 17 नगर निगमों, 825 विकास खंडों, 762 नगर निकायों तथा ग्राम पंचायतों में दिनभर पौधरोपण कार्यक्रम चलेंगे। वन विभाग के संयोजन में ग्राम्य विकास, पंचायती राज, कृषि, उद्यान और नगर विकास विभाग मिलकर इस लक्ष्य को पूरा करेंगे।

पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाना सरकार का उद्देश्य

पौधरोपण के लिए अमृत सरोवरों, तालाबों, सड़कों, एक्सप्रेसवे, नदियों और नहरों के किनारों को प्राथमिकता दी गई है। इसके साथ ही विद्यालयों, महाविद्यालयों, स्वयं सहायता समूहों और सामाजिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी भी सुनिश्चित की गई है। सरकार का उद्देश्य केवल पौधे लगाना ही नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाना भी है।

30 लाख से अधिक पौधे लगाने का लक्ष्य

प्रदेश के 18 मंडलों के लिए अलग-अलग लक्ष्य तय किए गए हैं। इनमें सबसे अधिक 62.77 लाख पौधों का लक्ष्य लखनऊ मंडल को दिया गया है। इसके बाद बरेली मंडल में 32.21 लाख और प्रयागराज मंडल में 32.17 लाख पौधे लगाए जाएंगे। कानपुर, झांसी, चित्रकूट, अयोध्या और देवीपाटन मंडलों को भी 30 लाख से अधिक पौधे लगाने का लक्ष्य सौंपा गया है।

विभागवार को 3 करोड़ पौधे लगाने का मिला लक्ष्य

विभागवार लक्ष्यों की बात करें तो ग्राम्य विकास विभाग को सबसे बड़ा लक्ष्य दिया गया है। यह विभाग अकेले 3 करोड़ पौधे लगाएगा। वहीं कृषि विभाग 75 लाख, वन विभाग 50 लाख, उद्यान विभाग 50 लाख, पंचायती राज विभाग 20 लाख तथा नगर विकास विभाग 5 लाख पौधे लगाएगा। इस प्रकार सभी विभाग मिलकर कुल 5 करोड़ पौधरोपण का लक्ष्य पूरा करेंगे।

विश्व पर्यावरण दिवस को उत्सव के रूप में मनाने की तैयारी

राज्य सरकार का मानना है कि यह अभियान पर्यावरण संरक्षण,हरित आवरण बढ़ाने और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। जनसहभागिता के साथ आयोजित यह अभियान उत्तर प्रदेश में विश्व पर्यावरण दिवस को एक उत्सव के रूप में मनाने का अवसर भी बनेगा।

(रिपोर्ट: एम.अतहर उद्दीन मुन्ने भारती) Edited By: Geeta Sharma