Best Dams For Tourism: उमस भरे मौसम में लोग ऐसी जगह जाना चाहते हैं जहां ठंडी हवा, हरियाली और पानी का नजारा मिले। पानी की लहरों के बीच बोटिंग करना एक मजेदार और थोड़ा रोमांचक अनुभव होता है। आपने नदियों में बोटिंग या राफ्टिंग की होगी, लेकिन कुछ बांध भी ऐसे हैं जहां चारों तरफ फैले गहरे पानी के बीच बोटिंग का अलग ही मजा मिलता है। वैसे तो स्कूबा डाइविंग, राफ्टिंग और जेट स्की जैसे वाटर स्पोर्ट्स काफी पॉपुलर हैं, लेकिन बोटिंग एक आसान और आरामदायक एक्टिविटी है जिसे हर कोई एंजॉय कर सकता है। आइए जानते हैं भारत के ऐसे बांधों के बारे में जहां आप बोटिंग का आनंद ले सकते हैं।
गोरियरा बांध
अगर आप मध्य प्रदेश घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो सीधी का गोरियरा बांध अपनी लिस्ट में जरूर शामिल करें। यहां का खूबसूरत प्राकृतिक नजारा, शांत माहौल और बोटिंग की सुविधा लोगों को खूब आकर्षित करती है। यह जगह फैमिली पिकनिक के लिए भी काफी पसंद की जा रही है।
टिहरी बांध
उत्तराखंड में भागीरथी नदी पर बना टिहरी बांध भारत का सबसे ऊंचा बांध माना जाता है। यह सिंचाई और बिजली उत्पादन के लिए तो महत्वपूर्ण है ही, साथ ही एक लोकप्रिय पर्यटन स्थल भी बन चुका है। यहां टिहरी झील में बोटिंग और कई एडवेंचर वॉटर स्पोर्ट्स का मजा लिया जा सकता है।
हीराकुंड बांध
ओडिशा के संबलपुर में महानदी पर बना हीराकुंड बांध दुनिया के लंबे मिट्टी के बांधों में शामिल है। यहां से गांधी मीनार से बांध का शानदार दृश्य देखने को मिलता है। पर्यटक यहां बोटिंग और अन्य वॉटर स्पोर्ट्स का आनंद ले सकते हैं। साथ ही जवाहर उद्यान, नेहरू उद्यान जैसी जगहें और प्रवासी पक्षियों का नजारा इसे और खास बनाते हैं।
बाणासुर सागर बांध
केरल के वायनाड में स्थित बाणासुर सागर बांध बोटिंग के लिए काफी फेमस है। चारों तरफ फैली हरी-भरी पहाड़ियां इसकी खूबसूरती को और बढ़ाती हैं। यह एशिया का सबसे बड़ा मिट्टी का बांध है, जिसे बिजली उत्पादन और सिंचाई के लिए बनाया गया था।
नागार्जुन सागर बांध
तेलंगाना और आंध्र प्रदेश की सीमा पर बना नागार्जुन सागर बांध भी एक बेहतरीन टूरिस्ट स्पॉट है। यहां आप बोटिंग का मजा ले सकते हैं और विशाल बांध का दृश्य बेहद आकर्षक लगता है। इसके अलावा एथिपोथला वॉटरफॉल, नागार्जुनकोंडा द्वीप और बुद्धवनम जैसे स्थानों को भी एक्सप्लोर किया जा सकता है।
Written By: Namita Verma