फ्रिज खोलते समय शेल्फ पर पानी की बूंदें दिखना या सब्जियों की ट्रे के नीचे पानी जमा होना हमेशा बड़ी खराबी का संकेत नहीं होता। दरवाजा बार-बार खोलने, गर्म खाना तुरंत अंदर रखने या मौसम में नमी ज्यादा होने पर थोड़ी नमी बनना सामान्य है, लेकिन अगर फ्रिज के अंदर लगातार पानी दिखाई दे, शेल्फ गीली रहे या नीचे पानी इकट्ठा होने लगे, तो इसके पीछे की वजह तलाशना जरूरी है।
दरवाजे की सील जांचें
फ्रिज के दरवाजे के किनारे लगी रबर गैसकेट बाहर की गर्म हवा को अंदर आने से रोकती है। अगर यह ढीली, गंदी या क्षतिग्रस्त हो जाए, तो गर्म हवा अंदर पहुंचकर नमी बढ़ा सकती है। इसकी जांच के लिए दरवाजे के बीच कागज की एक पट्टी रखकर उसे बंद करें और फिर कागज खींचें। अगर वह बिना ज्यादा रुकावट के बाहर आ जाए, तो उस हिस्से की सील कमजोर हो सकती है। रबर पर जमी धूल और गंदगी को हल्के साबुन वाले गुनगुने पानी से साफ करें और पूरी तरह सुखा दें। कट या दरार नजर आए तो गैसकेट बदलवाना बेहतर रहेगा।
तापमान रखें सही
बहुत ज्यादा या बहुत कम तापमान दोनों परेशानी पैदा कर सकते हैं। सामान्य घरेलू इस्तेमाल में फ्रिज का तापमान लगभग 2 से 4 डिग्री सेल्सियस रखना उपयुक्त माना जाता है। यदि फ्रिज का डायल सटीक तापमान नहीं बताता, तो थर्मामीटर से अंदर का वास्तविक तापमान जांच सकते हैं। तापमान बहुत ज्यादा होने पर नमी बूंदों में बदल सकती है, जबकि अत्यधिक ठंडे सेटिंग से पीछे बर्फ जम सकती है। बाद में यह बर्फ पिघलकर पानी के रूप में नीचे जमा हो सकती है।
खाना रखें ढककर
खुले बर्तन, कटे फल, सब्जियां और बचा हुआ भोजन फ्रिज के अंदर नमी बढ़ा सकते हैं। इसलिए खाने को ढक्कन वाले कंटेनर या अच्छी तरह बंद बैग में रखें। धुली हुई सब्जियों को रखने से पहले उनका अतिरिक्त पानी भी हटा दें।
फ्रिज को जरूरत से ज्यादा न भरें
सामान को इस तरह न रखें कि एयर वेंट बंद हो जाएं या डिब्बे पीछे की दीवार से चिपक जाएं। पर्याप्त जगह रहने पर ठंडी हवा बेहतर तरीके से घूमती है और तापमान समान बना रहता है।
ड्रेन हो सकती है बंद
फ्रिज के अंदर बनने वाला अतिरिक्त पानी ड्रेन के रास्ते बाहर निकलता है। इसमें गंदगी या खाने के छोटे टुकड़े फंसने पर पानी अंदर जमा हो सकता है। सफाई से पहले फ्रिज की बिजली बंद करें। ड्रेन की रुकावट को सावधानी से हटाएं और बहुत गर्म पानी डालने से बचें।
फ्रिज का लेवल भी देखें
अगर फ्रिज एक तरफ ज्यादा झुका हुआ है, तो पानी सही दिशा में बहकर ड्रेन तक नहीं पहुंच सकता। इसलिए फ्रिज की स्थिति जांचें और जरूरत पड़ने पर उसके पैरों को समायोजित करके उसे सही स्तर पर रखें।
ये भी पढ़ें- प्यार में जल्दबाजी पड़ सकती है भारी....रिलेशनशिप में शारीरिक नजदीकी से पहले समझे ये बात