Home Made Paneer Recipe: घर में दूध का फट जाना कोई नई बात नहीं है। भारतीय किचन में अक्सर ऐसा होता है कि दूध गर्म करते समय फट जाता है या ज्यादा देर तक रखने की वजह से उसका स्वाद और टेक्सचर बदल जाता है। ऐसे में ज्यादातर लोग फटे दूध से पनीर बना लेते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि इससे पनीर के अलावा भी कई स्वादिष्ट डिश तैयार की जा सकती हैं?
अगर दूध सिर्फ फटा है और उसमें सड़ी हुई गंध, फफूंदी या कोई असामान्य रंग नजर नहीं आ रहा है, तो उसे फेंकने के बजाय इन आसान रेसिपीज को ट्राई किया जा सकता है।
फटे दूध से बनाएं क्रिस्पी कटलेट
फटे दूध से बनने वाले कटलेट स्वादिष्ट होने के साथ-साथ काफी क्रिस्पी भी होते हैं। इसे बनाने के लिए सबसे पहले फटे दूध को मलमल के कपड़े में छान लें और उसका अतिरिक्त पानी अच्छी तरह निकाल दें।
अब इसमें दो उबले और मैश किए हुए आलू डालें। इसके बाद बारीक कटी हरी मिर्च, हरा धनिया, थोड़ा कद्दूकस किया हुआ अदरक, नमक, लाल मिर्च और गरम मसाला मिलाएं। मिश्रण को अच्छी तरह तैयार करने के बाद इसमें 2-3 चम्मच ब्रेड क्रम्ब्स या सूजी डालें। इस मिश्रण से छोटे-छोटे कटलेट बनाएं। तवे पर थोड़ा तेल गर्म करें और कटलेट को दोनों तरफ से सुनहरा और क्रिस्पी होने तक सेंक लें। इन्हें हरी चटनी या टोमैटो सॉस के साथ सर्व करें।
मीठे के शौकीन हैं तो बनाएं मीठी टिक्की
अगर कुछ मीठा खाने का मन हो तो फटे दूध से मीठी टिक्की भी तैयार की जा सकती है। इसके लिए सबसे पहले दूध को छानकर उसके ठोस हिस्से से अतिरिक्त पानी निकाल दें। अब इसमें बारीक सूजी, स्वादानुसार चीनी या पिसी हुई शक्कर, इलायची पाउडर और कटे हुए ड्राई फ्रूट्स मिलाएं। इस मिश्रण को कुछ मिनट के लिए छोड़ दें, ताकि सूजी नमी सोख सके।
इसके बाद मिश्रण की छोटी-छोटी टिक्कियां बनाएं और इन्हें हल्के घी या तेल में धीमी आंच पर सेंकें। दोनों तरफ से हल्की सुनहरी होने पर इन्हें निकाल लें। मीठी टिक्की को गर्म या ठंडा, दोनों तरह से खाया जा सकता है।
फटे दूध से बनाएं आसान देसी मिठाई
फटे दूध से एक स्वादिष्ट देसी मिठाई भी बनाई जा सकती है। इसके लिए छाने हुए दूध के ठोस हिस्से को कड़ाही में डालकर धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए पकाएं। इसमें स्वादानुसार चीनी और इलायची पाउडर डालें।
ये भी पढ़ें: GDP ने फिर चौंकाया! भारत की अर्थव्यवस्था ने दर्ज की 7.8% की शानदार ग्रोथ
जब मिश्रण थोड़ा गाढ़ा होने लगे तो इसमें बारीक कटे काजू, बादाम या पिस्ता डाल दें। मिश्रण को तब तक पकाएं, जब तक वह कड़ाही छोड़ने न लगे। अब इसे एक प्लेट में फैलाकर ठंडा होने दें। ठंडा होने के बाद इसे मनचाहे आकार में काट लें। ऊपर से ड्राई फ्रूट्स डालकर इसे सजाया जा सकता है।
इस्तेमाल से पहले रखें इन बातों का ध्यान
फटे दूध का इस्तेमाल करने से पहले यह जरूर जांच लें कि दूध में सड़ी या तेज अप्राकृतिक गंध, फफूंदी, गुलाबी/हरा रंग या कोई अन्य असामान्य बदलाव तो नहीं है। अगर दूध खराब हो चुका है, तो उसे किसी भी रेसिपी में इस्तेमाल न करें। केवल ताजा दूध के खट्टा होकर फटने की स्थिति में ही इन रेसिपीज को आजमाना बेहतर है।