रेस्टोरेंट में बैठने के बाद जब हाथ में लंबा-चौड़ा मेन्यू आता है, तो कई बार समझ नहीं आता कि आखिर क्या ऑर्डर किया जाए। एक के बाद एक डिश देखकर सब कुछ स्वादिष्ट लगने लगता है और इसी चक्कर में जरूरत से ज्यादा खाना मंगवा लिया जाता है। नतीजा होता है ज्यादा खाना, ज्यादा खर्च और कई बार खाने की बर्बादी भी। हालांकि, थोड़ी समझदारी के साथ मेन्यू देखा जाए तो इस परेशानी से आसानी से बचा जा सकता है।

ऑर्डर करने से पहले अपनी भूख समझें

सबसे पहले यह तय करें कि आपको वास्तव में कितनी भूख लगी है। मेन्यू में खाने की तस्वीरें और आकर्षक नाम देखकर भूख का अंदाजा बदल सकता है, इसलिए बिना सोचे कई डिश ऑर्डर करने के बजाय पहले अपनी जरूरत के मुताबिक मात्रा तय करें। इससे खाना बचने की संभावना कम होगी और जेब पर भी अतिरिक्त बोझ नहीं पड़ेगा।

मेन्यू की चमक-दमक से न हों प्रभावित

रेस्टोरेंट अक्सर कुछ खास डिश को मेन्यू में अलग रंग, बड़े अक्षरों या आकर्षक तस्वीरों के साथ पेश करते हैं। इसका मकसद ग्राहकों का ध्यान उन आइटम्स की ओर खींचना होता है। इसलिए केवल उनकी प्रस्तुति देखकर फैसला लेने के बजाय यह देखें कि वह डिश आपकी पसंद और जरूरत के मुताबिक है या नहीं।

वेटर की सलाह को अंतिम फैसला न मानें

वेटर की सिफारिश से आपको मेन्यू समझने में मदद मिल सकती है, लेकिन हर सुझाई गई डिश आपके लिए सही हो, यह जरूरी नहीं। इसलिए सुझाव जरूर सुनें, मगर ऑर्डर करते समय अपने स्वाद, खाने की मात्रा और बजट को प्राथमिकता दें।

सिर्फ ट्रेंड देखकर एक्स्ट्रा ऑर्डर न करें

रेस्टोरेंट का माहौल भी हमारे फैसलों को प्रभावित कर सकता है। अच्छा म्यूजिक, आरामदायक रोशनी और खाने की खुशबू आपको लंबे समय तक बैठे रहने के लिए प्रेरित कर सकती है। ज्यादा देर रुकने पर दोबारा कुछ मंगाने का मन भी बन सकता है। ऐसे में सिर्फ माहौल या ट्रेंड के प्रभाव में आकर अतिरिक्त चीजें ऑर्डर करने से बचना बेहतर है।

हल्की डिश से करें शुरुआत

अगर पहली नजर में पूरा मेन्यू समझना मुश्किल लग रहा है, तो किसी हल्के स्टार्टर से शुरुआत की जा सकती है। इससे खाने के स्वाद और क्वालिटी का अंदाजा लगाने का मौका मिलेगा। इसके बाद आप आसानी से तय कर सकते हैं कि मेन कोर्स में क्या और कितनी मात्रा में लेना है।

कॉम्बो ऑफर देखकर तुरंत न करें फैसला

कॉम्बो और मील डील देखने में अक्सर किफायती लगते हैं, लेकिन कम कीमत का मतलब हमेशा बचत नहीं होता। अगर उसमें शामिल खाना आपकी जरूरत से ज्यादा है, तो अतिरिक्त पैसे खर्च होने के साथ खाना बर्बाद भी हो सकता है, इसलिए ऑफर लेने से पहले यह जरूर सोचें कि उसमें मिलने वाली सभी चीजों की आपको वास्तव में जरूरत है या नहीं।

समझदारी से मेन्यू चुनना ही बेहतर 

रेस्टोरेंट में अच्छा अनुभव सिर्फ स्वादिष्ट खाना खाने से नहीं, बल्कि सही मात्रा और सही बजट में ऑर्डर करने से भी बनता है। अपनी भूख, पसंद और खर्च की सीमा को ध्यान में रखकर मेन्यू चुना जाए, तो बिना अनावश्यक खर्च के खाने का मजा लिया जा सकता है।