पुराने फोटो एलबम में संजोई तस्वीरें परिवार की अनमोल यादों को सहेजकर रखती हैं। इनमें बचपन के पल, शादी की यादें और परिवार के साथ बिताए खास लम्हे शामिल होते हैं। लेकिन सालों तक रखे रहने के कारण एलबम के पन्ने कमजोर पड़ सकते हैं और तस्वीरों को चिपकाने वाला गोंद भी सख्त हो सकता है। ऐसी स्थिति में तस्वीरों को पन्नों से अलग करना मुश्किल हो जाता है। जल्दबाजी में फोटो खींचने से उसके फटने या उसकी सतह खराब होने का खतरा रहता है। अगर आपके पुराने एलबम की तस्वीरें भी चिपक गई हैं, तो कुछ जरूरी सावधानियां अपनाकर नुकसान का जोखिम कम किया जा सकता है।

सबसे पहले तस्वीरों की डिजिटल कॉपी बनाएं

तस्वीरों को एलबम से अलग करने से पहले सभी पन्नों की फोटो खींच लें या उन्हें स्कैन करके सुरक्षित रख लें। इसके लिए ऐसी जगह चुनें, जहां पर्याप्त रोशनी हो और तस्वीरों पर तेज सीधी रोशनी न पड़े। डिजिटल कॉपी होने से मूल तस्वीर को नुकसान पहुंचने की स्थिति में भी उसकी यादें सुरक्षित रहेंगी। इसके बाद एलबम को किसी साफ और समतल सतह पर रखें। तस्वीरों को छूने से पहले हाथ अच्छी तरह साफ कर लें। यदि फोटो के किनारे टूट रहे हों, कागज बेहद पतला हो गया हो या उसकी ऊपरी परत उखड़ रही हो, तो उसे खुद निकालने का जोखिम न लें।

पहले पता करें की तस्वीर किस चीज से है चिपकी

तस्वीरों को अलग करने का तरीका इस बात पर निर्भर करता है कि उन्हें एलबम में किस तरह लगाया गया है। पुराने एलबम में अक्सर चिपचिपी सतह वाले पन्ने होते हैं, जिनके ऊपर पारदर्शी प्लास्टिक की शीट लगी होती है। लंबे समय तक रखे रहने से इनकी चिपकने वाली परत तस्वीरों के पीछे सख्त हो सकती है।

कुछ एलबम में फोटो को सीधे गोंद से लगाया जाता है, जबकि दूसरे एलबम में डबल-साइडेड टेप या फोटो टैब का इस्तेमाल होता है। वहीं, कॉर्नर माउंट वाले एलबम में तस्वीरें छोटे-छोटे कोनों के सहारे लगी होती हैं। ऐसे मामलों में फोटो को निकालना अपेक्षाकृत आसान हो सकता है। इसलिए किसी भी तरीके को अपनाने से पहले तस्वीर और पन्ने की स्थिति को ध्यान से समझें।

तस्वीरों को अलग करने के लिए किन चीजों की मदद लें?

तस्वीर को सीधे खींचने के बजाय कुछ उपकरणों की मदद से उसके चिपके हुए हिस्से को धीरे-धीरे ढीला करने की कोशिश की जा सकती है। इसके लिए पतली स्पैचुला या संरक्षण कार्य में इस्तेमाल होने वाले विशेष उपकरण उपयोगी हो सकते हैं। हालांकि, गलत तरीके से इस्तेमाल करने पर इनसे भी तस्वीर को नुकसान पहुंच सकता है।

अगर तस्वीर केवल फोटो कॉर्नर या ऐसे माउंट में लगी है, जिसे आसानी से खोला जा सकता है, तो उसे धीरे से बाहर निकालें। लेकिन अगर फोटो का पिछला हिस्सा सीधे पन्ने से चिपका है, तो उसके नीचे किसी नुकीली वस्तु को जबरन डालने से बचें। बेकिंग पेपर या दूसरे कागज भी तस्वीर की सतह पर चिपक सकते हैं, इसलिए उन्हें बिना जांच के फोटो के नीचे न रखें।

एक कोने से शुरुआत करें लेकिन जोर न लगाएं

अगर तस्वीर का कोई कोना पहले से थोड़ा उठा हुआ है, तो उसी हिस्से को ध्यान से देखें। केवल तभी आगे बढ़ें, जब फोटो बिना खिंचाव या मोड़ के आसानी से अलग होती दिखाई दे। तस्वीर को ऊपर की ओर खींचने या उसके नीचे चाकू, ब्लेड अथवा दूसरी नुकीली चीज डालने से बचें।

अगर फोटो के किसी हिस्से में ज्यादा चिपकाव महसूस हो, तो वहीं रुक जाएं। बार-बार खींचने से तस्वीर की परत उखड़ सकती है या कागज फट सकता है। ध्यान रखें कि पुरानी तस्वीरों में इस्तेमाल किए गए रसायन और प्रिंटिंग की परत समय के साथ नाजुक हो सकती है।

ज्यादा चिपकी तस्वीरों पर हेयर ड्रायर का इस्तेमाल न करें

कई लोग पुराने गोंद को नरम करने के लिए हेयर ड्रायर से गर्म हवा देने की सलाह देते हैं। हालांकि, यह तरीका हर तरह की तस्वीर के लिए सुरक्षित नहीं है। गर्मी से फोटो की परत, प्लास्टिक शीट या चिपकने वाले पदार्थ को नुकसान पहुंच सकता है। इससे तस्वीर की सतह और अधिक चिपचिपी भी हो सकती है।

इसलिए बिना तस्वीर की सामग्री और चिपकाव की प्रकृति जाने हेयर ड्रायर, इस्त्री या किसी दूसरे गर्म उपकरण का इस्तेमाल न करें। यदि फोटो बहुत मजबूती से चिपकी हुई है, तो उसे जबरन अलग करने के बजाय किसी फोटो संरक्षण विशेषज्ञ की मदद लेना बेहतर विकल्प है।

ये भी पढ़ें- केले के साथ भूलकर भी न रखें ये फल! जानिए इसके पीछे की वजह

पुरानी तस्वीरों को सुरक्षित रखने के लिए अपनाएं ये सावधानियां

* एलबम को सूखी और ठंडी जगह पर रखें।
* तस्वीरों को नमी, पानी और सीधी धूप से बचाएं।
* चिपके हुए पन्नों को जबरन अलग न करें।
* तस्वीरों पर टेप, सामान्य गोंद या दूसरे चिपकने वाले पदार्थ न लगाएं।
* अलग की गई तस्वीरों को एसिड-फ्री फोटो स्लीव या संग्रहण सामग्री में रखें।

ध्यान रखें: अगर तस्वीर बेहद पुरानी, दुर्लभ या परिवार के लिए खास महत्व रखती है, तो उसे खुद निकालने का प्रयोग न करें। किसी पेशेवर फोटो संरक्षक की सहायता लेने से मूल तस्वीर को सुरक्षित रखने की संभावना बेहतर हो सकती है।