नई दिल्ली: चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार को लेकर जारी राजनीतिक विवाद के बीच कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। दिल्ली में विपक्षी दलों के प्रदर्शन के दौरान प्रियंका गांधी ने कहा कि यदि लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर किया गया और जनता की आवाज को दबाया गया, तो ‘देश बर्बादी की ओर चला जाएगा।‘ उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार लोकतंत्र और संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर कर रही है।

पारदर्शिता से दूर भाग रही चुनाव आयोग और सरकार

प्रियंका गांधी ने कहा कि चुनाव आयोग को निष्पक्ष और जवाबदेह होना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष के सवालों से बचने के लिए सरकार और चुनाव आयोग दोनों पारदर्शिता से दूर भाग रहे हैं। लोकतंत्र में जनता के चुने हुए प्रतिनिधियों को अपनी बात रखने और जवाब मांगने का अधिकार है। प्रियंका गांधी ने नागरिकों को चेतावनी दी कि देश की लोकतांत्रिक नींव को बचाने के लिए मौजूदा सरकार को हटाना ही एकमात्र रास्ता बचा है।

सरकार नहीं हटाएँगे, तो देश बर्बादी हो जाएगा

प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि सरकार ने अपनी संवैधानिक ज़िम्मेदारियों को छोड़ दिया है। इसलिए अब इस सरकार को हटाने के अलावा कोई और रास्ता नहीं बचा है। मैं देश के हर नागरिक से कहना चाहती हूँ कि इस सरकार को हटाएँ। अगर आप इस सरकार को नहीं हटाएँगे, तो यह देश बर्बादी की ओर चला जाएगा।

निष्पक्षता को लेकर राष्ट्रीय राजनीति में नई बहस

प्रदर्शन के दौरान प्रियंका गांधी ने पुलिस कार्रवाई की आलोचना की। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण विरोध लोकतंत्र का हिस्सा है और विपक्ष की आवाज को बलपूर्वक दबाना उचित नहीं है। कांग्रेस और INDIA गठबंधन के नेताओं ने संकेत दिया है कि चुनाव आयोग के मुद्दे पर उनका आंदोलन आगे भी जारी रहेगा। इस पूरे घटनाक्रम ने चुनाव आयोग की भूमिका, मतदाता सूची संशोधन और लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता को लेकर राष्ट्रीय राजनीति में नई बहस छेड़ दी है।

ये भी पढ़ें-राहुल गांधी और प्रियंका को हिरासत में लिया गया, कहा- "संविधान के लिए जान दे देंगे"