भारत और चीन के बीच लंबे समय से चले आ रहे सीमा विवाद के बीच अब हालात में कुछ सकारात्मक बदलाव नजर आ रहे हैं। भारतीय रक्षा मंत्रालय की ताजा वार्षिक रिपोर्ट के मुताबिक, 2025 के दौरान वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) के पास चीनी सेना यानी पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (PLA) की तैनाती में उल्लेखनीय कमी आई है। रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत और चीन के बीच लगातार जारी सैन्य और राजनयिक बातचीत का असर उत्तरी सीमाओं पर दिखाई दे रहा है। बातचीत के कारण सीमा से जुड़े इलाकों में पहले की तुलना में स्थिरता बढ़ी है और हालात में सकारात्मक बदलाव देखने को मिले हैं।
LAC पर कितनी कम हुई चीनी सेना की तैनाती?
रक्षा मंत्रालय की 323 पन्नों की रिपोर्ट में 2025 के दौरान LAC पर मौजूद चीनी सैनिकों की सटीक संख्या नहीं बताई गई है। हालांकि, रिपोर्ट के अनुसार LAC से सटे क्षेत्रों और चीन के पारंपरिक सैन्य प्रशिक्षण इलाकों में करीब 10 कंबाइंड आर्म्स ब्रिगेड के बराबर बल मौजूद था। पिछले वर्षों में सीमा पर हालात काफी ज्यादा तनावपूर्ण रहे थे। अनुमान के मुताबिक, 2024 में पूर्वी लद्दाख समेत उत्तरी सीमा के विभिन्न हिस्सों में चीन की ओर से बड़ी संख्या में सैनिक तैनात किए गए थे। अकेले लद्दाख सेक्टर में ही सैनिकों की संख्या 60 हजार से अधिक होने का अनुमान लगाया गया था।
2024 की सहमति बनी अहम मोड़
भारत और चीन के बीच अक्टूबर 2024 में एक महत्वपूर्ण सहमति बनी थी। इसके तहत दोनों देशों ने सीमा पर टकराव वाले प्रमुख इलाकों से सैनिकों को पीछे हटाने पर सहमति जताई थी। इस कदम को चार साल से अधिक समय से जारी सैन्य गतिरोध खत्म करने की दिशा में बड़ा कदम माना गया। 2020 में शुरू हुए सीमा तनाव ने भारत-चीन संबंधों को लंबे समय तक प्रभावित किया था। हालात इतने खराब हो गए थे कि दोनों देशों के रिश्ते कई दशकों में अपने सबसे निचले स्तर तक पहुंच गए थे। ऐसे में सैन्य स्तर पर तनाव कम होना दोनों देशों के संबंधों में सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण संकेत माना जा रहा है।
भारतीय सेना की स्थिति मजबूत
रक्षा मंत्रालय ने अपनी रिपोर्ट में यह भी स्पष्ट किया है कि चीन की तरफ से सैनिकों की संख्या में कमी आने के बावजूद भारतीय सेना ने उत्तरी सीमाओं पर अपनी स्थिति कमजोर नहीं की है। रिपोर्ट के मुताबिक, LAC के सभी सेक्टरों में भारतीय सेना की तैनाती मजबूत है और जवान किसी भी अप्रत्याशित परिस्थिति से निपटने के लिए तैयार हैं। यानी चीन की सैन्य मौजूदगी घटने के बावजूद भारत ने सीमा पर अपनी सतर्कता और परिचालन तैयारियों को बरकरार रखा है।
ये भी पढ़ें- दिल्ली, यूपी, बिहार समेत 17 राज्यों में आफत की बारिश, 65 KM की रफ्तार से तूफानी हवाओं की चेतावनी
भारत-चीन सीमा पर पहले के मुकाबले तनाव कम
2025 में भारत-चीन सीमा पर पहले के मुकाबले तनाव कम हुआ है। PLA की तैनाती में कमी, दोनों देशों के बीच लगातार बातचीत और टकराव वाले क्षेत्रों से सैनिकों की वापसी ने स्थिति को अपेक्षाकृत स्थिर बनाया है। हालांकि, इसका यह मतलब नहीं है कि सीमा विवाद पूरी तरह खत्म हो गया है। भारत ने LAC पर अपनी सैन्य तैयारियों को मजबूत बनाए रखा है, ताकि किसी भी अचानक पैदा होने वाली स्थिति का प्रभावी ढंग से सामना किया जा सके।