Delhi CJP Protest: राजधानी दिल्ली में शनिवार को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। प्रदर्शनकारियों को निर्धारित स्थल तक पहुंचने से रोकने के लिए दिल्ली के प्रमुख प्रवेश मार्गों पर बैरिकेडिंग, वाहनों की सघन जांच और कई एजेंसियों की तैनाती की गई है। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, अलग-अलग स्थानों से समूहों में पहुंचे करीब 500 लोगों को हिरासत में लिया गया है। इसके अलावा आपराधिक पृष्ठभूमि वाले करीब 50 लोगों को भी एहतियातन पकड़ा गया है।
धौला कुआं पर बैरिकेडिंग, वाहनों की सघन जांच
धौला कुआं में सुरक्षा बलों ने भारी बैरिकेडिंग की है। वाहनों को रोककर जांच की जा रही है और सुरक्षा व्यवस्था के तहत स्पाइक स्ट्रिप्स भी लगाई गई हैं। जांच के लिए महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती भी की गई है। पुलिस ने प्रदर्शन में शामिल होने की योजना बना रहे कुछ लोगों को हिरासत में लिया है। इनमें कंटेंट क्रिएटर्स भी शामिल बताए गए हैं। डीसीपी कुमार अभिषेक ने समाचार एजेंसी ANI से कहा कि नई दिल्ली में प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए एहतियाती जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि पुलिस की कार्रवाई शुक्रवार रात से लगातार जारी है और पूरे दिन सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए अभियान जारी रहेगा।
500 लोग हिरासत में, 50 अन्य पर भी कार्रवाई
दिल्ली पुलिस के अनुसार, अलग-अलग जगहों से समूहों में आए करीब 500 लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने यह भी बताया कि आपराधिक पृष्ठभूमि वाले लगभग 50 अन्य लोगों को पकड़ा गया है, ताकि वे माहौल बिगाड़ने या अशांति फैलाने की कोशिश न करें। पुलिस ने नई दिल्ली जिले को 20 ऑपरेशनल जोन में बांटा है। प्रत्येक जोन के लिए अलग हिरासत केंद्र बनाए गए हैं। इसके अलावा राजधानी के कई स्टेडियमों को भी अस्थायी हिरासत केंद्रों में तब्दील किया गया है।
जंतर-मंतर और संसद मार्ग पर भी हिरासत
कड़ी सुरक्षा और व्यापक बैरिकेडिंग के बीच जंतर-मंतर और संसद मार्ग पर जुटे प्रदर्शनकारियों को भी हिरासत में लिया गया। सीजेपी के कार्यकर्ता चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन करने के अपने आह्वान पर कायम हैं। इसी को देखते हुए दिल्ली के कई प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ाई गई है। राजधानी के प्रवेश मार्गों पर भी निगरानी तेज कर दी गई है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, सुरक्षा व्यवस्था के तहत 46 मेट्रो स्टेशन बंद रखे गए हैं। पुलिस का कहना है कि प्रदर्शन के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए ये कदम उठाए गए हैं।
इन 6 केंद्रों पर ले जाए जाएंगे हिरासत में लिए गए लोग
छत्रसाल स्टेडियम
राजीव गांधी स्टेडियम
यमुना स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स
सूरजमल स्टेडियम
दौलतपुर स्थित कम्युनिटी सेंटर
पंडरावल स्थित कम्युनिटी सेंटर
पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था के तहत अपनी टीमों को लाठी और डंडे साथ रखने की अनुमति भी दी है। अधिकारियों को प्रदर्शनकारियों के साथ मौखिक विवाद से बचने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस के अनुसार, इसका उद्देश्य मौके पर तनाव बढ़ने से रोकना और कानून-व्यवस्था बनाए रखना है। दिल्ली में शनिवार को सीजेपी के प्रदर्शन को लेकर सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं। पुलिस की कोशिश है कि प्रदर्शन के दौरान राजधानी में शांति और यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो।