Sambit Patra on Rahul Gandhi: बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और Form-6 को लेकर जारी विवाद के बीच भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर बड़ा हमला बोला है। बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता और सांसद संबित पात्रा ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणियों और चुनाव आयोग के फैसलों को लेकर जनता को गुमराह करने की कोशिश की है।
Form-6 पर क्या बोले संबित पात्रा?
संबित पात्रा ने कहा कि राहुल गांधी ने दावा किया था कि Form-6 अवैध है, जबकि सुप्रीम कोर्ट ने ऐसा कोई फैसला नहीं दिया है। उनके मुताबिक, अदालत ने केवल यह कहा है कि यदि Form-6 में किसी तरह का संशोधन हुआ है तो वह इस मामले की जांच करेगी। पात्रा ने कहा कि चुनाव आयोग ने पहले ही स्पष्ट किया है कि Form-6 में कोई बदलाव नहीं किया गया है। उन्होंने आयोग की 26 सितंबर 2026 की प्रेस विज्ञप्ति का हवाला देते हुए कहा कि Form-6 से जुड़े घोषणा पत्र को सुप्रीम कोर्ट ने भी मान्यता दी थी।
SIR पर फैसले को लेकर BJP का दावा
बीजेपी नेता ने यह भी कहा कि बिहार में SIR को लेकर चुनाव आयोग का फैसला सर्वसम्मति से लिया गया था। उन्होंने दावा किया कि चुनाव आयोग ने अपने तथ्यात्मक स्पष्टीकरण में बताया है कि 24 जून 2025 को जारी आदेश को आयोग के सभी सदस्यों की मंजूरी प्राप्त थी। पात्रा के अनुसार, इस मुद्दे पर किसी तरह की असहमति नहीं थी और आयोग का निर्णय सामूहिक रूप से लिया गया था।
राहुल गांधी ने क्या कहा था?
इससे पहले राहुल गांधी ने आरोप लगाया था कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने Form-6 में कथित रूप से एकतरफा बदलाव किए हैं। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जुड़ा गंभीर मामला बताया था। हालांकि, चुनाव आयोग ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि SIR और उससे जुड़े फैसले आयोग की स्थापित प्रक्रिया के तहत लिए गए हैं।
राजनीतिक बयानबाजी तेज
Form-6 और SIR को लेकर विपक्ष और सत्तापक्ष के बीच बयानबाजी लगातार तेज हो रही है। एक तरफ कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं, वहीं बीजेपी आयोग के पक्ष में खड़ी नजर आ रही है।