मानसून की विदाई का दौर शुरू हो चुका है, लेकिन देश के कई हिस्सों में बारिश अभी भी जारी है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 3 अक्टूबर को दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार समेत करीब 15 राज्यों में बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है। कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है। मौसम को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

15 राज्यों में बारिश और आंधी का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, पंजाब, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़ और नागालैंड में 3 अक्टूबर को बारिश के साथ आंधी-तूफान की स्थिति बन सकती है। गरज-चमक और तेज हवाओं के दौरान लोगों को खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी गई है।

दिल्ली और उत्तर प्रदेश में बारिश

राजधानी दिल्ली में 3 और 4 अक्टूबर को हल्की बारिश के साथ तेज हवाएं चलने का अनुमान है। उत्तर प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में शाम के बाद बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। गाजीपुर, चंदौली, आजमगढ़, मऊ, बलिया, मिर्जापुर, भदोही, अयोध्या, सुल्तानपुर और बस्ती में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

उत्तराखंड में 3 अक्टूबर को कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है। इसके अलावा 5 से 8 अक्टूबर के बीच भी राज्य में बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। 6 और 7 अक्टूबर को हिमाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं।

मध्य और पूर्वी भारत में भी असर

मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में 3 अक्टूबर को हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। पूर्वी मध्य प्रदेश में तेज हवाओं के साथ गरज-चमक की स्थिति बन सकती है। यहां हवा की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे और झोंकों के दौरान 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

बिहार समेत पूर्वी राज्यों में बारिश

बिहार, झारखंड और ओडिशा में 3 से 8 अक्टूबर के बीच कई जगहों पर बारिश होने का अनुमान है। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी बारिश की संभावना है। बिहार में 6 से 8 अक्टूबर के बीच आंधी और बिजली चमकने की स्थिति बन सकती है।

पूर्वोत्तर राज्यों में तेज हवाएं

अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 3 से 8 अक्टूबर के बीच बारिश हो सकती है। इस दौरान कुछ क्षेत्रों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अलर्ट है।

दक्षिण भारत में भारी बारिश का अनुमान

दक्षिण भारत के कई राज्यों में भी बारिश का दौर बना रहेगा। तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक, रायलसीमा, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 3 से 8 अक्टूबर के दौरान भारी बारिश हो सकती है।

केरल-कर्नाटक में बारिश के साथ तेज हवाओं का अलर्ट

केरल, माहे और तटीय कर्नाटक में भी बारिश की संभावना है। केरल और माहे में 4 से 6 अक्टूबर के बीच गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि झोंकों की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

मछुआरों और किसानों के लिए मौसम विभाग की खास सलाह

तटीय इलाकों में मौसम खराब होने की आशंका को देखते हुए मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है। किसानों और आम लोगों को भी आंधी-बिजली के दौरान खुले क्षेत्रों से दूर रहने तथा स्थानीय मौसम अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी गई है।

 

 ये भी पढ़ें- मुंबई के शिवाजी पार्क में CJP प्रदर्शन के दौरान बुजुर्ग की मौत, सीने में हुआ था तेज दर्द