मुंबई के शिवाजी पार्क में शुक्रवार 2 अक्टूबर 2026 को गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित एक विरोध प्रदर्शन के दौरान 75 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। यह प्रदर्शन कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की ओर से आयोजित किया गया था। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, बुजुर्ग की तबीयत बिगड़ने के बाद उनकी मौत का कारण हार्ट अटैक बताया गया है। एक खबर के अनुसार, शिवाजी पार्क पुलिस ने मृतक की पहचान गोपालकृष्ण सुब्बैया पिल्लई के तौर पर की है। वह ठाणे स्थित दोस्ती वेस्ट काउंटी के बी विंग में रहते थे।
प्रदर्शन स्थल पर अचानक बिगड़ी तबीयत
पुलिस अधिकारी के मुताबिक, गोपालकृष्ण सुब्बैया पिल्लई शुक्रवार शाम करीब 4:30 बजे CJP के प्रदर्शन में शामिल होने के लिए शिवाजी पार्क पहुंचे थे। वहां पहुंचने के लगभग 30 मिनट बाद करीब 5 बजे उन्होंने सीने में तेज दर्द की शिकायत की। मौके पर मौजूद उनके साथियों और पुलिसकर्मियों ने तत्काल उन्हें इलाज के लिए पास के अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
SIR और चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन
शिवाजी पार्क में आयोजित यह प्रदर्शन देशभर में मतदाता सूचियों को लेकर चल रही SIR प्रक्रिया वोटों की चोरी और चुनावों में धांधली जैसे मुद्दों को लेकर किया गया था। प्रदर्शनकारियों ने मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ भी विरोध जताया।
CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके और पार्टी के समर्थकों ने प्रदर्शन के दौरान ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग की। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में युवा भी शामिल हुए। कई प्रदर्शनकारी व्यंग्यात्मक मीम और फिल्मों के संवादों से जुड़ी तख्तियां लेकर पहुंचे थे।
प्रदर्शन को देखते हुए मुंबई पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे और शिवाजी पार्क में कई स्थानों पर बैरिकेडिंग की गई थी।
मंच से CEC के इस्तीफे की मांग
प्रदर्शन के दौरान CJP संस्थापक अभिजीत दीपके ने मंच से संबोधित करते हुए ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की। वहीं, प्रदर्शनकारियों के हाथों में अलग-अलग तरह के नारे लिखी तख्तियां नजर आईं। इनमें ‘ज्ञानू, तुझा डेमोक्रेसी वर भरोसा नाय के?’, ‘ज्ञानेश ब्रो, जस्ट रिजाइन’ और ‘गद्दार ज्ञानू मस्ट गो’ जैसे नारे शामिल थे।