Hu Rahul Gandhi Bus Tyre Punctured: दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्षी सांसदों का प्रदर्शन बुधवार को भी जारी रहा। इसी दौरान उस वक्त स्थिति बदल गई जब लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को लेकर जा रही बस का टायर पंचर हो गया।

मिली जानकारी के मुताबिक, बस KG मार्ग जंक्शन के पास रुक गई। इसके बाद दिल्ली पुलिस राहुल गांधी को बाराखंबा रोड पुलिस थाने ले गई। कुछ देर बाद पुलिस ने उन्हें थाने से छोड़ दिया।

अधीर रंजन चौधरी ने बताया 'घोर अन्याय'

राहुल गांधी को थाने ले जाने के घटनाक्रम पर कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इसे 'घोर अन्याय' बताते हुए कहा कि शांतिपूर्ण तरीके से किए जा रहे आंदोलन को रोकने की कोशिश की जा रही है।चौधरी के मुताबिक विपक्ष जिन मुद्दों को उठा रहा है, वे जनता से जुड़े मुद्दे हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी इन्हीं मुद्दों को सरकार के सामने रखने की कोशिश कर रहे हैं।

ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग पर अड़ा विपक्ष

इससे पहले राहुल गांधी ने विपक्षी सांसदों के प्रदर्शन को लेकर कहा था कि सांसद चुनाव आयोग से मिलना चाहते थे, लेकिन उनकी मुलाकात नहीं हो सकी। राहुल गांधी ने कहा कि विपक्षी सांसद अब जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर भी निशाना साधते हुए उनके इस्तीफे की मांग दोहराई।

विपक्ष का आरोप है कि चुनाव आयोग और SIR को लेकर उठाए जा रहे सवालों पर उसकी बात नहीं सुनी जा रही है। वहीं चुनाव आयोग पहले ही SIR और मतदाता सूची से जुड़े अपने फैसलों को लेकर अपना पक्ष रख चुका है।

राहुल गांधी बोले- 'ज्ञानेश कुमार को इस्तीफा देना पड़ेगा'

प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, RSS प्रमुख मोहन भागवत और CEC ज्ञानेश कुमार पर लोकतांत्रिक व्यवस्था को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि जिन लोगों ने कथित तौर पर ऐसा किया है, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। राहुल गांधी ने कहा कि ज्ञानेश कुमार को इस्तीफा देना होगा।

मेरे खिलाफ 45 FIR हैं, 100 चाहिए'

राहुल गांधी ने इस दौरान अपने खिलाफ दर्ज FIR का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ 45 FIR हैं और उनका लक्ष्य 100 FIR तक पहुंचना है। उन्होंने कहा कि उनके लिए हर FIR एक 'मेडल' की तरह है।