gorakhpur news: उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले जहां तमाम राजनीतिक पार्टियां इस बार जनता को लुभाने के लिए तमाम दावे करती दिख रही है। तो वहीं एक दूसरे के खिलाफ भी सियासी बयानबाजी को तेज किए हुए है। बीते दिन यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी पर निशाना साधा है। सीएम योगी ने अपने बयान में व्यंगात्मक तरीके से अखिलेश यादव को मारीच और ओवैसी को 'हैदराबाद का मौलाना' कहकर तंज कसा।
अखिलेश यादव को बताया मारीच, अयोध्या से चुनाव लड़ने की दी चुनौती
गोरखपुर में आयोजित एक कार्यक्रम में सीएम योगी ने राम मंदिर आंदोलन का जिक्र करते हुए कहा कि जिन लोगों ने कभी रामभक्तों पर लाठियां और गोलियां चलवाईं, वे आज राम का नाम ले रहे हैं। उन्होंने रामायण के पौराणिक पात्र मारीच का उदाहरण देते हुए कहा कि, लोगों को ऐसे चेहरों को पहचानने चाहिए। सीएम योगी ने मंच से अखिलेश यादव को अयोध्या से चुनाव लड़ने की भी चुनौती भी दी। उन्होंने कहा कि अखिलेश अपना नामांकन करें, वह भी अपना नामांकन दाखिल करेंगे और दोनों के बीच सीधा मुकाबला हो जाएगा।
ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के गठबंधन पर भी किया हमला
सीएम ने असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के नए राजनीतिक गठबंधन को लेकर भी जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं ने 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव को साथ लड़ने के लिए सामाजिक परिवर्तन मोर्चा बनाया है। इसके साथ ही सीएम योगी ने कहा कि, समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने इस गठबंधन को अपनी 'बी टीम' के तौर पर आगे किया है, जिससे बीजेपी को नुकसान पहुंचा सके।
ओवैसी को 'हैदराबाद के मौलाना' कहकर कसा तंज
सीएम योगी ने ओवैसी को 'हैदराबाद का मौलाना' कहा। उन्होंने कहा समाजवादी पार्टी 2 नावों पर सवार होना चाहती है। इसके साथ ही उन्होंने ओवैसी को लेकर हैदराबाद का नाम बदलकर 'भाग्यलक्ष्मीपुरम' करने की बात पर जोर दिया। वहीं सीएम ने दावा किया कि साल 2027 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी।
2027 से पहले यूपी में तेज हुई सियासी जंग
एक तरफ बीजेपी साल 2027 में लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी का दावा कर रही है, तो दूसरी तरफ अखिलेश यादव PDA के जरिए पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्गों को एकजुट करने की कोशिश में जुटे हैं। ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद का गठबंधन भी चुनावी समीकरणों में नई चर्चा का विषय बन गया है। ऐसे में यूपी की सियासत में आने वाले दिनों में बयानबाजी और राजनीतिक गतिविधियां और तेज होने की संभावना है।