Nitin Nabin Press Conference: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने CJP के प्रदर्शन और INDIA गठबंधन के नेताओं की बयानबाजी को लेकर राहुल गांधी, अरविंद केजरीवाल और विपक्षी नेताओं पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष के कुछ नेता देश की संवैधानिक व्यवस्था और लोकतंत्र को चुनौती देने की कोशिश कर रहे हैं। नितिन नवीन ने कहा कि भारत के युवा देश की संस्कृति, लोकतंत्र और संविधान से गहराई से जुड़े हुए हैं और ऐसी भाषा को स्वीकार नहीं करेंगे।

12 साल में देश को भय के माहौल से बाहर निकाला
प्रेस कॉन्फ्रेंस में नितिन नवीन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व का जिक्र करते हुए कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश को भय के माहौल से बाहर निकालने और आतंकवाद व नक्सलवाद को जड़ से खत्म करने के प्रयास किए गए हैं। हालांकि, उन्होंने आरोप लगाया कि आज भी कुछ लोग 'अर्बन नक्सल' मानसिकता के साथ देश को अस्थिर करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने राहुल गांधी को निशाने पर लेते हुए कहा कि उनकी मंशा कभी सफल नहीं होगी।

राहुल गांधी, केजरीवाल और INDIA गठबंधन पर साधा निशाना
बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि देश के युवा राहुल गांधी, अरविंद केजरीवाल, INDIA गठबंधन के नेताओं और CJP के युवा नेतृत्व की बयानबाजी को देख रहे हैं। उनके मुताबिक, भारत के युवा देश की संस्कृति और लोकतांत्रिक मूल्यों से जुड़े हुए हैं तथा संविधान के प्रति प्रतिबद्ध हैं। नितिन नवीन ने आरोप लगाया कि विपक्षी नेता देश की संवैधानिक व्यवस्था को चुनौती देने और उच्च संवैधानिक पदों पर बैठे व्यक्तियों के लिए अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश की जनता ऐसी भाषा को स्वीकार नहीं करेगी।

विदेशी ताकतों के सहारे भारत को अस्थिर नहीं कर पाएंगे
नितिन नवीन ने अपने बयान में विदेशी ताकतों का भी जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी नेता अपनी राजनीति के लिए ऐसी ताकतों और गठबंधनों पर निर्भर हैं, जिनके जरिए भारत को अस्थिर करने की कोशिश की जा रही है। बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि ऐसी कोशिशें सफल नहीं होंगी और देश की जनता इसका जवाब देगी। उनके ये बयान CJP के प्रस्तावित प्रदर्शन और विपक्षी गठबंधन को लेकर जारी राजनीतिक बयानबाजी के बीच आए हैं।