नई दिल्ली: चुनाव आयोग के खिलाफ INDIA ब्लॉक के प्रदर्शन को लेकर दिल्ली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने बुधवार को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा और अन्य विपक्षी सांसदों के खिलाफ FIR दर्ज की है। आरोप है कि मंगलवार को प्रदर्शन के दौरान वे बिना अनुमति आकाशवाणी भवन परिसर में दाखिल हुए और वहां धरना दिया।
पुलिस के मुताबिक, INDIA ब्लॉक के नेताओं ने संसद भवन से चुनाव आयोग के मुख्यालय निर्वाचन सदन तक मार्च का ऐलान किया था। इस मार्च के लिए दिल्ली पुलिस से कोई आधिकारिक अनुमति नहीं ली गई थी और न ही अनुमति दी गई थी।
निर्वाचन सदन की ओर बढ़े सांसद, रास्ते में रोका
मंगलवार को विपक्षी सांसद चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए निर्वाचन सदन की ओर बढ़े। पुलिस ने उन्हें चुनाव आयोग के कार्यालय के पास रोक दिया। इसके बाद कई विपक्षी नेताओं और सांसदों ने वहीं बैठकर धरना शुरू कर दिया। इसके बाद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और INDIA ब्लॉक के कई अन्य नेता आकाशवाणी भवन परिसर में चले गए और वहां भी विरोध प्रदर्शन जारी रखा।
पुलिस ने परिसर खाली करने को कहा, नहीं माने प्रदर्शनकारी
दिल्ली पुलिस का कहना है कि प्रदर्शनकारियों से आकाशवाणी भवन परिसर खाली करने के लिए कहा गया था, लेकिन उन्होंने ऐसा करने से इनकार कर दिया। प्रदर्शनकारी इस बात पर अड़े रहे कि जब तक विपक्षी सांसदों के प्रतिनिधिमंडल को चुनाव आयोग के अधिकारियों से मिलने का समय नहीं दिया जाता, वे वहां से नहीं हटेंगे।
पुलिस के मुताबिक, स्थिति को बिगड़ने से रोकने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आखिरकार पुलिस ने हस्तक्षेप किया। राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और अन्य प्रदर्शनकारियों को परिसर से हटाकर हिरासत में लिया गया।
करीब 260 लोग हिरासत में लिए गए
दिल्ली पुलिस के अनुसार, मंगलवार के प्रदर्शन के दौरान करीब 260 लोगों को हिरासत में लिया गया, जिनमें लगभग 10 सांसद भी शामिल थे। हिरासत में लिए गए नेताओं और प्रदर्शनकारियों को न्यू पुलिस लाइंस, किंग्सवे कैंप ले जाया गया, जहां बाद में उन्हें रिहा कर दिया गया।
SIR को लेकर विपक्ष का प्रदर्शन
INDIA ब्लॉक का यह प्रदर्शन मतदाता सूची के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) को लेकर था। विपक्षी दल चुनाव आयोग से SIR को लेकर जवाब मांग रहे हैं और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी कर रहे हैं। विपक्ष का आरोप है कि चुनाव आयोग उनकी चिंताओं का समाधान नहीं कर रहा है।
वहीं, चुनाव आयोग पहले ही स्पष्ट कर चुका है कि निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत मुलाकात के लिए औपचारिक अनुरोध किए जाने की प्रक्रिया का पालन किया जाना चाहिए।
अब FIR में किन धाराओं में केस?
दिल्ली पुलिस ने आकाशवाणी भवन परिसर में कथित तौर पर बिना अनुमति प्रवेश करने और वहां प्रदर्शन करने के मामले में FIR दर्ज की है। हालांकि, FIR में कौन-कौन सी धाराएं लगाई गई हैं, इसकी विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है। पुलिस का कहना है कि मामले की आगे जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।