बेंगलुरु: यूट्यूबर और सोशल मीडिया एक्टिविस्ट ध्रुव राठी बेंगलुरु पहुंच चुके हैं। वह आज यानी 8 अक्टूबर को फ्रीडम पार्क में होने वाले कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन में शामिल होंगे। यह प्रदर्शन मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR के विरोध और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर आयोजित किया जा रहा है। 

ध्रुव राठी ने वीडियो जारी कर की पुष्टि

ध्रुव राठी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक वीडियो शेयर कर बेंगलुरु के कार्यक्रम में शामिल होने की पुष्टि की। वीडियो में उन्होंने लोगों से 8 अक्टूबर को बेंगलुरु के फ्रीडम पार्क पहुंचने की अपील की। उन्होंने यह भी कहा कि 10 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर होने वाले प्रदर्शन में भी लोग शामिल हों। 

अभिनेता और सामाजिक कार्यकर्ता प्रकाश राज ने भी राठी को इस प्रदर्शन का ‘स्पेशल गेस्ट’ बताया है। उन्होंने लोगों से बड़ी संख्या में फ्रीडम पार्क पहुंचकर SIR के खिलाफ आवाज उठाने की अपील की है। 

सुबह 10:30 बजे होगा प्रदर्शन

CJP के मुताबिक, बेंगलुरु के फ्रीडम पार्क में सुबह करीब 10:30 बजे ‘पीपुल्स ट्रिब्यूनल’ यानी ‘जनता की अदालत’ आयोजित की जाएगी। इसमें कर्नाटक के अलग-अलग हिस्सों से ऐसे लोग पहुंचेंगे, जिनका दावा है कि SIR प्रक्रिया के दौरान उनके नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए हैं। कार्यक्रम में उनकी शिकायतें और अनुभव सुने जाएंगे।

इसके बाद ‘चप्पल प्रदर्शन’ भी आयोजित किया जाएगा। CJP के नेताओं का कहना है कि यह प्रदर्शन खास तौर पर महिलाओं के समर्थन में किया जाएगा। कार्यक्रम में CJP संस्थापक अभिजीत दिपके के अलावा युवा संगठनों और सिविल सोसाइटी से जुड़े लोगों के शामिल होने की भी बात कही गई है। 

10 अक्टूबर को दिल्ली में प्रदर्शन

बेंगलुरु के बाद CJP की ओर से 10 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर भी प्रदर्शन की घोषणा की गई है। आयोजकों की ओर से इसे मतदाता सूची और चुनाव प्रक्रिया को लेकर उठाई जा रही चिंताओं के खिलाफ बड़ा प्रदर्शन बताया जा रहा है। 

फिलहाल बेंगलुरु में होने वाले आज के कार्यक्रम पर सभी की नजर है, क्योंकि ध्रुव राठी और प्रकाश राज जैसे चर्चित चेहरों के शामिल होने से प्रदर्शन को लेकर लोगों की दिलचस्पी बढ़ गई है।