देश के कई हिस्सों में एक बार फिर मौसम बदलने वाला है। बंगाल की खाड़ी में बन रहा कम दबाव का क्षेत्र अगले कुछ दिनों में चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, 16 नवंबर की शाम तक इसके मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना है। इसके असर से दक्षिण भारत के कई राज्यों में भारी बारिश हो सकती है। वहीं, पूर्वी भारत के राज्यों में भी बारिश और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके 14 नवंबर तक और मजबूत होकर कम दबाव के क्षेत्र में बदलने और 15 नवंबर को डिप्रेशन बनने की संभावना है। इसके बाद यह उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ सकता है। अनुमान है कि 16 नवंबर की शाम के आसपास यह मध्य बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान का रूप ले लेगा। पिछले कुछ दिनों में लगातार मौसमी सिस्टम बनने के बीच यह एक और संभावित चक्रवाती तूफान होगा। हालांकि, इसकी वास्तविक दिशा और तीव्रता आने वाले दिनों में मौसम विभाग के अपडेट पर निर्भर करेगी।

तमिलनाडु, केरल और आंध्र प्रदेश में बारिश का अलर्ट

इस मौसमी सिस्टम का असर सबसे ज्यादा दक्षिण भारत में देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 13 से 15 नवंबर और फिर 16 से 19 नवंबर के दौरान तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में कई जगह बारिश हो सकती है। 15 नवंबर को इन इलाकों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई गई है। केरल और माहे में 13 से 15 नवंबर के बीच बारिश का अनुमान है। इसके बाद 16 से 19 नवंबर तक भी बारिश का दौर जारी रह सकता है। इस अवधि में कुछ स्थानों पर काफी भारी बारिश होने की आशंका है। लक्षद्वीप में 13 से 19 नवंबर तक बारिश हो सकती है। वहीं, तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा में 14 से 19 नवंबर के बीच बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने 18 और 19 नवंबर को तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में भारी बारिश का अनुमान जताया है।

ओडिशा और पश्चिम बंगाल में भी बदलेगा मौसम

पूर्वी भारत के राज्यों में भी इस मौसमी गतिविधि का असर दिखाई दे सकता है। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में 13 से 19 नवंबर तक कई जगह बारिश होने का अनुमान है। इस दौरान गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की भी चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग के अनुसार, 13 से 16 नवंबर के बीच अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में तेज हवाओं के साथ खराब मौसम रह सकता है। वहीं, 18 और 19 नवंबर को यहां भारी बारिश होने की संभावना है।

दिल्ली, यूपी और हरियाणा में भी बारिश के आसार

उत्तर-पश्चिम भारत के मौसम में भी बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 13 से 14 नवंबर के दौरान हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब में कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। इसके बाद 14 और 15 नवंबर को पश्चिमी राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी बारिश के आसार हैं। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 13 नवंबर को कई जगह बारिश होने का अनुमान है। 14 और 15 नवंबर को भी इन इलाकों में बारिश जारी रह सकती है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 13 से 15 नवंबर के बीच छिटपुट बारिश हो सकती है। वहीं, 15 नवंबर को पूर्वी राजस्थान में भी बारिश की संभावना जताई गई है।

यह भी पढ़ें: TB के खिलाफ भारत की बड़ी कामयाबी, WHO की रिपोर्ट; 38 प्रतिशत मौतों की कमी: जेपी नड्डा