Bulandshahr Love Story: प्यार के एक अनोखे मामले ने बुलंदशहर के जहांगीराबाद में सबका ध्यान खींचा है। तीन बच्चों की मां को अपने से 13 साल छोटे पड़ोसी युवक से प्यार हो गया। जब इस रिश्ते की जानकारी पति को हुई तो मामला पुलिस तक पहुंच गया। आखिरकार कोतवाली में ऐसा फैसला हुआ, जिसमें पति ने भी पत्नी से अलग होने की सहमति दे दी और महिला अपने प्रेमी के साथ चली गई।
कहां का है ये मामला?
बता दें कि ये मामला थाना क्षेत्र के गांव चचरई का है। यहां रहने वाली 38 वर्षीय महिला का अपने 25 वर्षीय अविवाहित पड़ोसी युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। पति को जब इसकी जानकारी हुई तो उसने पत्नी के युवक के साथ चले जाने की शिकायत पुलिस से की। पुलिस ने महिला को तलाश कर कोतवाली बुलाया।
पहले प्रेमी ने किया इनकार
कोतवाली में पुलिस ने दोनों पक्षों के बीच बातचीत कराई। इस दौरान महिला ने साफ कर दिया कि वह अपने पति और बच्चों के साथ नहीं, बल्कि प्रेमी के साथ रहना चाहती है। शुरुआत में युवक ने इस रिश्ते को स्वीकार करने से इनकार कर दिया, लेकिन महिला अपने फैसले पर अड़ी रही।
इसके बाद पति ने भी पुलिस के सामने स्पष्ट कर दिया कि वह अब पत्नी के साथ कोई संबंध नहीं रखना चाहता। उसने लिखित रूप से अपनी सहमति दे दी। दोनों पक्षों की सहमति और महिला के बयान के आधार पर पुलिस ने मामले का निस्तारण कर दिया।
दोनों बालिग, अपनी मर्जी से रहने का अधिकार
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र राठौर ने बताया कि महिला और युवक दोनों बालिग हैं। महिला की इच्छा और दोनों पक्षों की सहमति के आधार पर वह युवक के साथ चली गई। वहीं, पति तलाक की न्यायिक प्रक्रिया पूरी करेगा।