Akhilesh Yadav: कांग्रेस नेता राहुल गांधी के फोन टैपिंग के आरोप पर अब समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि आज के दौर में तकनीक पर पूरी तरह भरोसा नहीं किया जा सकता। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के समय में कुछ भी संभव है। अखिलेश ने राहुल गांधी के आरोप का समर्थन करते हुए दावा किया कि पहले भी एक नेता फोन टैपिंग की बात कह चुके हैं, जो अब इस दुनिया में नहीं हैं।

अखिलेश यादव शुक्रवार को लखनऊ स्थित समाजवादी पार्टी के प्रदेश कार्यालय पहुंचे थे। यहां वह 86 आरक्षित विधानसभा सीटों के विधानसभा अध्यक्षों के साथ चुनावी समीक्षा बैठक में शामिल होने आए थे। इसी दौरान उन्होंने फोन टैपिंग के मुद्दे पर अपनी बात रखी। उनका यह बयान ऐसे समय आया है, जब राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर अपना फोन टैप कराने का आरोप लगाया है। अखिलेश यादव ने कहा, 'आज की तकनीक पर भरोसा नहीं करना चाहिए। AI के दौर में कुछ भी संभव है।' हालांकि, उन्होंने अपने बयान में फोन टैपिंग से जुड़ा कोई ठोस सबूत पेश नहीं किया।

राहुल गांधी ने PM मोदी को दी आमने-सामने बहस की चुनौती

राहुल गांधी ने शुक्रवार को एक वीडियो जारी कर दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनके फोन टैप होने की जानकारी है। उन्होंने प्रधानमंत्री को आमने-सामने बैठकर बहस करने की चुनौती भी दी। राहुल के मुताबिक, उनके फोन में ऐसे सबूत मौजूद हैं, जिनसे यह पता चल सकता है कि कौन विदेशी ताकतों के नियंत्रण में है और कौन देश विरोधी गतिविधियों में शामिल है। राहुल गांधी ने यह भी कहा कि जिस दिन प्रधानमंत्री आमने-सामने बहस के लिए तैयार होंगे, उस दिन कई बातें सामने आ जाएंगी। कांग्रेस ने उनका यह वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा किया है।

यूपी की वोटर लिस्ट को लेकर BJP पर अखिलेश का आरोप

फोन टैपिंग के मुद्दे के अलावा अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश की मतदाता सूची को लेकर भी भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में बड़े पैमाने पर वोटरों के नाम हटाए जा रहे हैं। अखिलेश के मुताबिक, करीब 1.27 करोड़ मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से गायब हैं। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी के समर्थकों के वोट भी काटे जा रहे हैं। अखिलेश ने कहा कि अगर मुख्यमंत्री की ओर से 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम सूची से गायब होने की बात कही जा रही है, तो इस मामले को गंभीरता से देखना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा उन वोटों की भरपाई के लिए दूसरे राज्यों से लोगों को उत्तर प्रदेश में मतदाता के तौर पर पंजीकृत कराने की तैयारी कर रही है।

वोटर लिस्ट में गड़बड़ी का मुद्दा भी उठाया

अखिलेश यादव ने पीलीभीत में मतदाता सूची से जुड़े मामले का जिक्र करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी ने इस मुद्दे को उठाया था। उनके मुताबिक, शिकायत के बाद दो उपजिलाधिकारियों (SDM) के खिलाफ कार्रवाई भी हुई। उन्होंने आशंका जताई कि अगर मतदाता सूची में नाम नहीं मिला तो मतदान के दिन लोगों को परेशानी हो सकती है और उन्हें अपना नाम तलाशने के लिए भटकना पड़ सकता है। उन्होंने चुनावी प्रक्रिया में बदलाव की मांग करते हुए कहा कि मतदाताओं को टिकाऊ और सुरक्षित कार्ड दिया जाना चाहिए, जिसे आधार से जोड़ा जा सके। इसके साथ ही अखिलेश ने बायोमेट्रिक आधारित मतदान व्यवस्था लागू करने की बात कही। उन्होंने कहा कि अगर उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है, तो बायोमेट्रिक वोटर कार्ड की व्यवस्था शुरू की जाएगी।

यह भी पढ़ें: TB के खिलाफ भारत की बड़ी कामयाबी, WHO की रिपोर्ट; 38 प्रतिशत मौतों की कमी: जेपी नड्डा