नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फ्लाईदुबई की दुबई-तेल अवीव फ्लाइट में सह-पायलट के हमले में घायल हुए भारतीय जांबाज पायलट कैप्टन स्मित मछार से आज वीडियो कॉल पर बात की। बातचीत के दौरान कैप्टन स्मित ने प्रधानमंत्री को उस खौफनाक घटना के बारे बताते हुए अपने अनुभवों और हिम्मत देने वाली बात का साझा किया।
मुश्किल समय में किया हनुमान चालीसा का पाठ
पीएम मोदी से बातचीत के दौरान कैप्टन स्मित ने बताया कि जब भी वह मुश्किल में होते हैं तो हनुमान चालीसा का पाठ करते हैं और फ्लाइट में उस डरावने वक्त में भी वह हनुमान चालीसा ही पढ़ रहे थे। उन्होंने कहा कि उस खौफनाक घटना के समय उनके मन में बस यही था कि वह किसी को मरने नहीं दे सकते।
PM मोदी ने कैप्टन स्मित के साहस की जमकर तारीफ की
इस घटना की बातें सुनने के बाद पीएम मोदी ने भारतीय कैप्टन स्मित मछार के हिम्मत, सूझबूझ एवं मुश्किल वक्त में संयम बनाए रखने तथा विपरीत परिस्थितियों में दिखाए गए उनके असाधारण साहस, बहादुरी और जांबाजी की जमकर तारीफ की। इसके साथ ही पीएम मोदी ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की और कहा कि पूरा देश उनके लिए प्रार्थना कर रहा है।