क्या रात में सोते समय अचानक आपका हाथ सुन्न पड़ जाता है और उंगलियों में झनझनाहट होने लगती है? कई बार लोग हाथ हिलाकर या सोने की पोजीशन बदलकर दोबारा सो जाते हैं। कभी-कभार ऐसा होना सामान्य हो सकता है, लेकिन अगर यह समस्या बार-बार हो रही है, तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। इसके पीछे नसों पर दबाव से लेकर डायबिटीज और विटामिन की कमी जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
गलत पोजीशन में सोना
हाथ सुन्न होने की सबसे आम वजह सोने का गलत तरीका हो सकता है। हाथ के नीचे सिर रखकर सोने या हाथ को शरीर के नीचे दबाने से नसों पर दबाव पड़ता है। लंबे समय तक एक ही पोजीशन में रहने से हाथ में सुन्नपन और झनझनाहट महसूस हो सकती है। ऐसे में करवट बदलने और हाथ को आराम देने से राहत मिल सकती है।
कार्पल टनल सिंड्रोम
कलाई में नस पर दबाव पड़ने से कार्पल टनल सिंड्रोम की समस्या हो सकती है। इसमें खासकर अंगूठे, तर्जनी और बीच वाली उंगली में सुन्नपन, झनझनाहट या दर्द होता है। रात में इसके लक्षण बढ़ सकते हैं और नींद भी खुल सकती है। बार-बार ऐसा होने पर डॉक्टर से सलाह लें।
गर्दन या कोहनी की नस पर दबाव
गर्दन की हड्डियों या डिस्क में समस्या होने पर नस दब सकती है, जिससे हाथ में दर्द, झनझनाहट और कमजोरी महसूस होती है। वहीं, कोहनी को लंबे समय तक मोड़कर रखने से छोटी उंगली और उसके पास वाली उंगली में सुन्नपन हो सकता है। सोते समय गर्दन और कोहनी की स्थिति का ध्यान रखें।
विटामिन बी12 की कमी
शरीर में विटामिन बी12 की कमी नसों को प्रभावित कर सकती है। इससे हाथ-पैरों में झनझनाहट, जलन और सुन्नपन महसूस हो सकता है। ऐसे लक्षण लगातार बने रहने पर डॉक्टर की सलाह से जांच करवाएं।
डायबिटीज की वजह से नसों को नुकसान
डायबिटीज के कारण नसों को नुकसान पहुंच सकता है, जिससे हाथ-पैरों में सुन्नपन या जलन हो सकती है। अगर हाथ बार-बार सुन्न होता है, लंबे समय तक ठीक नहीं होता या कमजोरी महसूस होती है, तो डॉक्टर से संपर्क करें।
कब तुरंत डॉक्टर के पास जाएं?
अगर अचानक हाथ सुन्न होने के साथ चेहरे पर कमजोरी, बोलने में परेशानी या शरीर के एक तरफ कमजोरी महसूस हो, तो यह स्ट्रोक का संकेत हो सकता है। ऐसी स्थिति में तुरंत इमरजेंसी सहायता लें। बार-बार होने वाले सुन्नपन को भी नजरअंदाज न करें और सही कारण जानने के लिए चिकित्सकीय जांच करवाएं।
Disclaimer: हाथ सुन्न पड़ने की वजह अगल हो सकती है। समस्या जब ज्यादा हो, तो तुरंत अपने डॉक्टर से संपर्क करें।
ये भी पढ़ें: UP Scholarship 2026: यूपी स्कॉलरशिप आवेदन कल होंगे बंद! अभी ऐसे भरें फॉर्म