एक्ट्रेस कीर्ति कुल्हारी अपने करियर में एक नया अध्याय जोड़ने जा रही हैं। उनकी पहली फीचर प्रोडक्शन फ़िल्म 'Kinaare–Shores' का प्रीमियर धर्मशाला इंटरनेशनल फ़िल्म फ़ेस्टिवल (DIFF) 2026 में होगा। यह फ़िल्म उनके प्रोडक्शन बैनर किंट्सुकुरोई फ़िल्म्स के तहत बनाई गई है। इस प्रोजेक्ट में उनके साथ को-प्रोड्यूसर अभिषेक कोका और मानसी गुप्ते भी जुड़े हैं।

अकबर कादरी और आज़म कादरी द्वारा लिखित और निर्देशित इस फ़िल्म में कीर्ति कुल्हारी के साथ राजीव सिद्धार्थ, अलका अमीन और रवि तनेजा अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।

परिवार, रिश्तों और बीते वक्त की कहानी

दिल्ली के पास स्थित एक गांव की पृष्ठभूमि पर बनी ‘किनारे’ अमीना नाम की महिला की कहानी है, जिसका किरदार कीर्ति कुल्हारी निभा रही हैं। अमीना एक अकेली महिला है, जिसकी ज़िंदगी अपने बुज़ुर्ग माता-पिता की देखभाल और घर की जिम्मेदारियों के बीच गुजरती है।

 
 
 
View this post on Instagram
 
 
 

A post shared by Kirti Kulhari (@iamkirtikulhari)

उसकी नियमित ज़िंदगी में तब बदलाव आता है, जब 15 साल बाद उसका कज़िन भाई अचानक उससे मिलने पहुंचता है। यह मुलाकात परिवार के उस अतीत को सामने लाती है, जिसने कभी उनके रिश्तों को तोड़ दिया था। बीते वर्षों, खोए हुए प्यार और पुरानी यादों के बीच यह कहानी अतीत को स्वीकार करने और वर्तमान के साथ सुकून से जीने की कोशिश को दर्शाती है।

'मेरे दिल को छू गई थी स्क्रिप्ट'

कीर्ति कुल्हारी ने अपनी पहली प्रोडक्शन फ़िल्म को लेकर खुशी जाहिर की है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि उनके बैनर की पहली फ़िल्म का DIFF 2026 में प्रीमियर होना उनके लिए बेहद खास है। उनके मुताबिक, फ़िल्म बनाने की पूरी प्रक्रिया सहयोग और साझा रचनात्मक सोच पर आधारित रही।

उन्होंने बताया कि स्क्रिप्ट ने उन्हें गहराई से प्रभावित किया। ईरानी सिनेमा की सादगी, संवेदनशीलता और बारीकियों से प्रेरित होकर उन्हें लगा कि इस कहानी को पर्दे पर लाना चाहिए। उन्होंने यह भी माना कि अपनी फिल्म को प्रोड्यूस करना आसान नहीं होता, लेकिन पूरी टीम का कहानी पर भरोसा उनके लिए सबसे बड़ी ताकत रहा।

राजीव सिद्धार्थ ने की कहानी की तारीफ

राजीव सिद्धार्थ के अनुसार, 'किनारे' की स्क्रिप्ट कलाकारों को संवादों के साथ-साथ उनके बीच छिपे भावों को भी समझने और तलाशने का अवसर देती है। उन्हें विश्वास है कि फ़िल्म की सार्वभौमिक भावनाएं दर्शकों को प्रभावित करेंगी।

फ़िल्म की रचनात्मक टीम में सिनेमैटोग्राफर अर्जुन सुंदरम, संगीतकार मोहन कन्नन, एडिटर बकुल मटियानी और साउंड डिज़ाइनर संजय चतुर्वेदी शामिल हैं। अब DIFF 2026 में इसके प्रीमियर के साथ दर्शकों को इस संवेदनशील कहानी से जुड़ने का मौका मिलेगा।

ये भी पढ़ें: 'Jhumka patola' गाने में शरवरी का धमाकेदार डांस, 'Yeh prem mol liya' का नया ट्रैक रिलीज