Mahhi Vij on Love Gill: बिग बॉस 20 में इन दिनों कंटेस्टेंट्स के बीच जबरदस्त घमासान देखने को मिल रहा है। शो जैसे-जैसे फिनाले की ओर बढ़ रहा है, घर के अंदर लड़ाई और तनाव भी बढ़ता जा रहा है। इसी बीच माही विज का लव गिल पर किया गया एक कमेंट चर्चा का विषय बन गया है। माही ने लव के व्यवहार की तुलना बिग बॉस 10 की एक्स कंटेस्टेंट प्रियंका जग्गा से कर दी, जिसके बाद घर में प्रियंका के नाम की चर्चा शुरू हो गई।

माही विज ने लव गिल को कहा प्रियंका जग्गा 

दरअसल, केज पनिशमेंट टास्क के दौरान माही विज और लव गिल के बीच तीखी बहस हो गई। इस बहस के बाद माही ने दूसरे घरवालों से बातचीत करते हुए कहा कि लव ने उन्हें 10 हफ्तों तक बहुत कुछ सुनाया, लेकिन उन्होंने एक लाइन में ही उन्हें जवाब दे दिया। माही ने कहा, अभी इसने जो मुझे 10 हफ्ते में बोला ना, मैंने इसको एक लाइन में तड़पा दिया। इसको भी पता होगा प्रियंका कौन है।

माही के इस कमेंट पर लव गिल हैरान नजर आईं। उन्होंने अपनी दोस्त कनिका मान और गुल्लू से पूछा कि आखिर प्रियंका जग्गा कौन हैं। वहीं, कनिका भी इस तुलना को समझ नहीं पाईं। उन्होंने सवाल किया कि क्या प्रियंका को उनके नेगेटिव व्यवहार के लिए जाना जाता है।

प्रियंका जग्गा ने भी दिया रिएक्शन

बिग बॉस 20 के घर में हुई इस बातचीत की चर्चा सोशल मीडिया तक पहुंच गई। प्रियंका जग्गा ने भी इस पूरे मामले पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक फैन-मेड वीडियो रीशेयर किया, जिसके बाद वह एक बार फिर सुर्खियों में आ गईं।

क्यों विवादों में रही थीं प्रियंका जग्गा?

प्रियंका जग्गा ने साल 2016 में बिग बॉस 10 में बतौर कॉमनर हिस्सा लिया था। शो में उनका सफर काफी विवादित रहा। दिसंबर 2016 में वीकेंड का वार एपिसोड के दौरान सलमान खान के साथ उनकी तीखी बहस हुई थी। सलमान ने प्रियंका को लोपामुद्रा राउत, मनु पंजाबी और अन्य कंटेस्टेंट्स पर निजी टिप्पणियां करने के लिए फटकार लगाई थी।

इसके बाद सलमान ने उन्हें घर छोड़ने के लिए कह दिया था। इतना ही नहीं, उन्होंने चैनल को चेतावनी भी दी थी कि अगर प्रियंका को दोबारा किसी शो में लाया गया तो वह उनके साथ काम नहीं करेंगे। यही वजह है कि माही विज का एक कमेंट प्रियंका जग्गा को फिर से चर्चा में ले आया है।

ये भी पढ़ें: क्या मुजफ्फरनगर सदर में कपिल देव अग्रवाल लगाएंगे हैट्रिक या बदलेगा चुनावी समीकरण?