Gajab Raat Release Date: मनोज बाजपेयी और नीरज पांडे की फिल्म ‘Ghooskhor Pandat’ अब ‘Gajab Raat’ के नाम से रिलीज होगी। पुराने टाइटल पर विवाद के बाद मेकर्स ने नया नाम और ट्रेलर जारी किया है। यह थ्रिलर 23 अक्टूबर को Netflix पर प्रीमियर होगी।

मनोज बाजपेयी और फिल्ममेकर नीरज पांडे एक बार फिर दर्शकों के सामने सस्पेंस से भरी कहानी लेकर आ रहे हैं। उनकी नई फिल्म का नाम अब ‘Gajab Raat’ रखा गया है। इससे पहले फिल्म की घोषणा ‘Ghooskhor Pandat’ नाम से हुई थी, लेकिन टाइटल को लेकर विवाद खड़ा होने के बाद मेकर्स ने इसे वापस ले लिया था। 15 अक्टूबर को फिल्म को नए नाम और ट्रेलर के साथ दोबारा पेश किया गया। फिल्म में मनोज बाजपेयी के साथ कई जाने-पहचाने चेहरे नजर आएंगे। इसकी कहानी एक रात के दौरान सामने आने वाली घटनाओं, किरदारों के फैसलों और नैतिक उलझनों के इर्द-गिर्द घूमती है।

पुराने नाम पर क्यों हुआ था विवाद?

फिल्म का नाम फरवरी में ‘Ghooskhor Pandat’ घोषित किया गया था। इसके बाद कुछ लोगों ने आपत्ति जताई और आरोप लगाया कि इस नाम से एक खास समुदाय की धार्मिक भावनाएं आहत हो सकती हैं। विवाद बढ़ने पर निर्माताओं ने पुराने नाम से जुड़े ट्रेलर और दूसरे प्रचार सामग्री को वापस ले लिया। मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा। नीरज पांडे की ओर से दाखिल हलफनामे में कहा गया कि पुराना टाइटल पूरी तरह वापस ले लिया गया है और आगे ऐसा कोई नाम नहीं रखा जाएगा, जो पुराने नाम जैसा हो या उसी विवाद की याद दिलाए। हलफनामे के मुताबिक, नई पहचान फिल्म की कहानी और उद्देश्य के अनुरूप होगी।

सुप्रीम कोर्ट ने विवाद खत्म करने की कही बात

सुप्रीम कोर्ट की जस्टिस बीवी नागरत्ना और जस्टिस उज्जल भुइयां की पीठ ने पुराने नाम को वापस लेने के आश्वासन को स्वीकार करने के बाद इस मुद्दे पर याचिका का निपटारा कर दिया। अदालत ने यूट्यूबर्स से भी विवाद को शांत करने की अपील की थी। इसके बाद निर्माताओं ने 15 अक्टूबर को फिल्म का नया नाम ‘Gajab Raat’ घोषित किया और नया ट्रेलर जारी किया।

मनोज बाजपेयी के साथ ये कलाकार भी आएंगे नजर

इस थ्रिलर में मनोज बाजपेयी के अलावा साकिब सलीम, अक्षय ओबेरॉय, दिव्या दत्ता, कीकू शारदा और नुसरत भरूचा भी अहम भूमिकाओं में हैं। फिल्म का निर्देशन रितेश शाह कर रहे हैं, जबकि नीरज पांडे इसके निर्माता हैं। नीरज पांडे ने कहा कि उनकी नजर में एक अच्छी कहानी दर्शकों को सिर्फ उलझाकर नहीं रखती, बल्कि उन्हें सोचने पर भी मजबूर करती है। उनके मुताबिक, फिल्म में किरदारों के फैसले उन्हें ऐसी परिस्थितियों में ले जाते हैं, जहां आसान जवाब नहीं मिलते।

एक रात की कहानी में छिपे हैं कई सवाल

नीरज पांडे के मुताबिक, फिल्म में तनाव सिर्फ घटनाओं से नहीं, बल्कि किरदारों के सामने आने वाली नैतिक दुविधाओं से भी पैदा होता है। कहानी आगे बढ़ने के साथ पात्रों की असली मंशा धीरे-धीरे सामने आती है। मनोज बाजपेयी ने भी फिल्म को लेकर उत्साह जताया। उन्होंने कहा कि उन्हें ऐसे किरदार पसंद हैं, जिन्हें किसी एक परिभाषा में बांधना आसान नहीं होता। उनके अनुसार, फिल्म में सस्पेंस, जवाबदेही और नैतिक सवाल कहानी को खास बनाते हैं।

23 अक्टूबर को Netflix पर आएगी ‘Gajab Raat’

‘Gajab Raat’ का प्रीमियर 23 अक्टूबर 2026 को Netflix पर होगा। मनोज बाजपेयी और नीरज पांडे की जोड़ी पहले ‘Special 26’ और ‘Aiyaary’ जैसे प्रोजेक्ट्स में साथ काम कर चुकी है। अब नई थ्रिलर के जरिए दोनों एक बार फिर दर्शकों के सामने आ रहे हैं।