मुंबई: बॉलीवुड अभिनेता इमरान हाशमी स्वाइन फ्लू (H1N1) की चपेट में आ गए हैं। पिछले कुछ दिनों से तबीयत खराब होने के बाद अभिनेता अब धीरे-धीरे ठीक हो रहे हैं।
सोशल मीडिया पर दी फैंस को सेहत की जानकारी
इमरान हाशमी ने सोशल मीडिया के जरिए अपने फैंस को अपनी सेहत की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वह काफी अस्वस्थ हैं, जिसके चलते उन्हें बेंगलुरु में होने वाला आगामी फैन मीट कार्यक्रम टालना पड़ा है।
इंस्टाग्राम स्टोरी पर अपडेट शेयर करते हुए इमरान ने फैंस से माफी मांगी और कहा कि कार्यक्रम रद्द नहीं हुआ है, बल्कि सिर्फ आगे बढ़ाया गया है।
उन्होंने लिखा, "हे बेंगलुरु, मैं वास्तव में काफी बीमार हूं और दुर्भाग्य से बेंगलुरु शो में शामिल नहीं हो पाऊंगा। लेकिन पिक्चर खत्म नहीं हुई है, बस पोस्टपोन हुई है। मैं आप सभी से 12 सितंबर को सनबर्न यूनियन में मिलूंगा। आपकी टिकट नई तारीख के लिए वैध रहेंगी।"
फिल्म 'आवारापन 2' की सफलता को लेकर चर्चा में
इमरान हाशमी इन दिनों अपनी हालिया रिलीज फिल्म 'आवारापन 2' की सफलता को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म का निर्देशन नितिन कक्कड़ ने किया है और इसे विशेष फिल्म्स ने प्रोड्यूस किया है।
फिल्म में इमरान एक बार फिर शिवम पंडित के किरदार में नजर आए हैं, जिसकी कहानी अगवा किए गए बच्चों को बचाने के मिशन के इर्द-गिर्द घूमती है। फिल्म में दिशा पाटनी, शबाना आजमी, सुविंदर विक्की, विजयंत कोहली और पुरन गब्बी भी अहम भूमिकाओं में हैं।
'आवारापन 2' साल 2007 में आई फिल्म 'आवारापन' का सीक्वल है। पहली फिल्म रिलीज के समय बॉक्स ऑफिस पर खास प्रदर्शन नहीं कर पाई थी, लेकिन बाद में इसे दर्शकों का काफी प्यार मिला। फिल्म के गाने 'तो फिर आओ' आज भी लोकप्रिय हैं।
यह भी पढ़ें: नेपाल बाढ़ त्रासदी पर अमिताभ बच्चन भावुक, बोले- "तबाही देखना असहनीय"