मुंबई: नेपाल में आई भीषण फ्लैश फ्लड को लेकर बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन ने चिंता जताई है। रक्षाबंधन के मौके पर अपने फैंस को शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने नेपाल में बाढ़ से प्रभावित लोगों के लिए प्रार्थना की।

अमिताभ बच्चन ने अपने ब्लॉग पर रक्षाबंधन की एक तस्वीर साझा की, जिसमें उनकी कलाई पर कई रंगों की राखियां नजर आ रही थीं। उन्होंने भाई-बहन के पवित्र रिश्ते और प्यार के बंधन का जिक्र करने के बाद नेपाल में आई प्राकृतिक आपदा पर अपनी प्रतिक्रिया दी।

अमिताभ बच्चन ने लिखा, "प्यार, स्नेह और देखभाल का यह रिश्ता हमेशा बना रहे। बहन और भाई के रिश्ते की यह पवित्र डोर कभी न टूटे और न ही भुलाई जाए।"

तबाही के दृश्य देखना बेहद पीड़ादायक

नेपाल की बाढ़ पर दुख जताते हुए उन्होंने कहा कि वहां से सामने आ रहे तबाही के दृश्य देखना बेहद पीड़ादायक है। उन्होंने प्रभावित लोगों और जान गंवाने वालों के लिए प्रार्थना की।

अमिताभ बच्चन ने लिखा, "नेपाल में बाढ़ की तबाही देखना असहनीय है। प्रकृति के प्रकोप से कभी लड़ाई नहीं की जा सकती। हमें प्रकृति का सम्मान करना चाहिए और ईश्वर से प्रार्थना करनी चाहिए।"

भोटेकोशी बाढ़ आपदा में अब तक 626 लोगों की मौत

नेपाल के राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं प्रबंधन प्राधिकरण (NDRRMA) के अनुसार, भोटे कोशी बाढ़ आपदा में अब तक 626 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 2,426 लोग अभी भी लापता हैं।

चितवन में सबसे ज्यादा 233 शव बरामद किए

राहत और बचाव अभियान के दौरान चितवन में सबसे ज्यादा 233 शव बरामद किए गए हैं। इसके अलावा नवलपरासी ईस्ट में 158, नुवाकोट में 51, गोरखा में 48, नवलपरासी वेस्ट में 47, धादिंग में 45, तनहूं में 31 और रसुवा में 13 लोगों की मौत दर्ज की गई है।

अमिताभ बच्चन के अलावा कई लोग नेपाल में आई इस विनाशकारी प्राकृतिक आपदा को लेकर चिंता जता रहे हैं और प्रभावित परिवारों के लिए प्रार्थना कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें: अर्चना पूरन सिंह का पलटवार, समय रैना से बोलीं- "गालियां देना टैलेंट है क्या?"