मुंबई: कॉमेडियन समय रैना के शो 'इंडियाज गॉट लेटेंट 2' में अभिनेत्री अर्चना पूरन सिंह और समय रैना के बीच मजेदार नोकझोंक देखने को मिली। शो के दौरान समय ने अर्चना की व्लॉगिंग को लेकर मजाक किया, जिस पर अभिनेत्री ने अपने अंदाज में करारा जवाब दिया।
शो में भोजपुरी शायरी करने वाले कंटेस्टेंट एआर तिवारी से समय रैना ने पूछा कि शायरी के अलावा वह क्या करते हैं। कंटेस्टेंट ने बताया कि वह डांस करते हैं, व्लॉग बनाते हैं और रैप भी करते हैं।
इस पर समय ने अर्चना पूरन सिंह पर तंज कसते हुए कहा, "आपने व्लॉग कहा? व्लॉगिंग के लिए किसी टैलेंट की जरूरत नहीं होती।"
समय की इस बात पर अर्चना ने तुरंत जवाब देते हुए कहा, "गालियां देना टैलेंट है।" अर्चना के इस मजेदार जवाब पर दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं और समय भी कुछ देर के लिए इसका जवाब नहीं दे पाए।
इसके बाद समय रैना ने अर्चना की मशहूर हंसी और उनके परिवार को लेकर भी मजाक किया। उन्होंने अर्चना को 'कुछ कुछ होता है' की मिस ब्रिगेंजा याद दिलाते हुए उनके फैमिली व्लॉग्स पर चुटकी ली।
समय ने कहा, "मैंने आपके व्लॉग देखे हैं, न आपके पति काम करते हैं और न ही आपके बेटे। आपके घर में रिवर्स पितृसत्ता चल रही है, जहां सिर्फ महिलाएं काम कर रही हैं।"
इस दौरान अर्चना के बेटे आर्यमान और आयुष्मान सेठी भी दर्शकों के बीच बैठे थे और उन्होंने इस मजाक का आनंद लिया। अर्चना ने हंसते हुए अपने बेटों से कहा कि फ्रंट रो में बैठना ऐसा ही होता है, यहां प्रसिद्धि नहीं बल्कि मजाक मिलता है।
बता दें कि अर्चना पूरन सिंह ने दिसंबर 2024 में अपने परिवार के साथ यूट्यूब व्लॉगिंग की शुरुआत की थी। उन्होंने अपने पति परमीत सेठी और बेटों आर्यमान व आयुष्मान सेठी के साथ 'AAAP Ka Parivaar' नाम से चैनल शुरू किया है।
यह भी पढ़ें: प्रीति जिंटा ने भाइयों संग मनाया रक्षाबंधन, शेयर कीं प्यार भरी तस्वीरें