मुंबई: बॉलीवुड अभिनेता अनुपम खेर ने अपनी आगामी फिल्म ‘श्री रामभूमि’ की शूटिंग पूरी कर ली है। अभिनेता ने सोशल मीडिया पर फिल्म के सेट से तस्वीरें और एक वीडियो साझा करते हुए अपनी भावनाएं जाहिर कीं।

अनुपम खेर ने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा कि कुछ फिल्में कलाकार को अपने काम पर संतुष्टि देती हैं, कुछ फिल्में किसी बड़े और महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट का हिस्सा बनने का गर्व देती हैं, लेकिन कुछ फिल्में ऐसी होती हैं जो कलाकार के साथ-साथ इंसान के अंदर को भी छू जाती हैं।

उन्होंने कहा कि ऐसी फिल्में आत्मा को शुद्ध करती हैं और मन में गहरी आध्यात्मिक अनुभूति पैदा करती हैं।

अशोक सिंघल की भूमिका में अनुपम खेर

अभिनेता ने फिल्म में श्री अशोक सिंघल की भूमिका निभाने का मौका मिलने को अपने जीवन का सौभाग्य बताया। उन्होंने कहा कि अशोक सिंघल जी का समर्पण, तपस्या और राम जन्मभूमि आंदोलन व भव्य राम मंदिर के संकल्प में योगदान अमूल्य है, जिसे शब्दों में व्यक्त करना मुश्किल है।

अनुपम खेर ने फिल्म के निर्माता, निर्देशक, सह-कलाकारों और पूरी टीम का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि इस किरदार ने उनके अभिनय सफर में एक विशेष योगदान दिया है।

फिल्म ‘श्री रामभूमि’ की घोषणा इसी सप्ताह

फिल्म ‘श्री रामभूमि’ की घोषणा इसी सप्ताह की गई थी। अनुपम खेर लगातार सोशल मीडिया पर फिल्म से जुड़ी जानकारी साझा कर रहे थे। उन्होंने जुलाई में अयोध्या स्थित श्री राम जन्मभूमि मंदिर से एक वीडियो शेयर करते हुए फिल्म की शूटिंग शुरू होने की जानकारी दी थी।

वर्कफ्रंट की बात करें तो अनुपम खेर के पास आने वाले समय में सूरज बड़जात्या की फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ और चर्चित फिल्म ‘खोसला का घोंसला’ के सीक्वल समेत कई प्रोजेक्ट्स हैं।

यह भी पढ़ें:  प्रीति जिंटा ने भाइयों संग मनाया रक्षाबंधन, शेयर कीं प्यार भरी तस्वीरें