UPSC सिविल सेवा परीक्षा देश की सबसे प्रतिष्ठित परीक्षाओं में से एक है। हर साल लाखों युवा IAS, IPS और IFS अधिकारी बनने का सपना लेकर इस परीक्षा में शामिल होते हैं। लेकिन अक्सर विद्यार्थियों के मन में सवाल रहता है कि UPSC की तैयारी किस उम्र से शुरू करनी चाहिए? आइए जानते हैं तैयारी शुरू करने की सही उम्र और सफलता पाने के आसान टिप्स।
कक्षा 9वीं-10वीं से बनाएं मजबूत बेस
अगर आपका सपना सिविल सेवा में जाने का है तो कक्षा 9वीं या 10वीं से ही तैयारी की बुनियाद मजबूत करना शुरू कर सकते हैं। इस उम्र में UPSC का पूरा सिलेबस पढ़ने की जरूरत नहीं है। इतिहास, भूगोल, नागरिक शास्त्र और अर्थव्यवस्था जैसे विषयों की बुनियादी जानकारी हासिल करें। रोजाना अखबार पढ़ने और सामान्य ज्ञान बढ़ाने की आदत डालें।
ग्रेजुएशन में शुरू करें गंभीर तैयारी
UPSC की व्यवस्थित तैयारी के लिए ग्रेजुएशन का समय काफी अच्छा माना जाता है। इस दौरान अभ्यर्थी NCERT की किताबें पढ़ सकते हैं और परीक्षा के सिलेबस को अच्छी तरह समझ सकते हैं। पिछले वर्षों के प्रश्नपत्र हल करना और नियमित नोट्स बनाना भी फायदेमंद रहता है।
21 साल में दे सकते हैं परीक्षा
UPSC सिविल सेवा परीक्षा में शामिल होने के लिए न्यूनतम उम्र 21 साल होनी चाहिए। 2026 के नियमों के अनुसार सामान्य वर्ग के लिए अधिकतम उम्र 32 साल है। OBC अभ्यर्थियों को तीन साल और SC/ST अभ्यर्थियों को पांच साल की उम्र में छूट मिलती है। अन्य पात्र श्रेणियों को भी नियमानुसार छूट दी जाती है।
कितने मिलते हैं UPSC अटेम्प्ट?
सामान्य और EWS वर्ग को छह प्रयास, OBC वर्ग को नौ प्रयास और SC/ST वर्ग को उम्र सीमा के भीतर असीमित प्रयास मिलते हैं। सामान्य, EWS और OBC वर्ग के पात्र दिव्यांग उम्मीदवारों को नौ प्रयास मिलते हैं।
जल्दी सफलता के लिए अपनाएं ये टिप्स
1. रोजाना अखबार पढ़ें और करेंट अफेयर्स से अपडेट रहें।
2. NCERT की किताबों से बेसिक मजबूत करें।
3. आधिकारिक सिलेबस के अनुसार टाइम-टेबल बनाएं।
4. पिछले वर्षों के प्रश्नपत्र और मॉक टेस्ट हल करें।
5. मुख्य परीक्षा के लिए नियमित आंसर राइटिंग की प्रैक्टिस करें।
6. पढ़ाई में निरंतरता बनाए रखें और समय-समय पर अपनी तैयारी का आकलन करें।
UPSC में सफलता पाने के लिए कम उम्र में तैयारी शुरू करना ही काफी नहीं है। सही रणनीति, धैर्य, नियमित अभ्यास और मजबूत कॉन्सेप्ट ही सफलता की असली कुंजी हैं।
ये भी पढ़ें: चुनाव से पहले पंजाब पुलिस में बड़ा फेरबदल! 273 DSP और IPS के तबादले