तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय सोमवार यानी आज राज्य सरकार का समर्थन कर रहे सहयोगी दलों के विधायकों के साथ बैठक कर सकते हैं। सूत्रों के मुताबिक, यह बैठक ग्रीनवेज रोड स्थित मुख्यमंत्री के आधिकारिक आवास पमनी इल्लम में होगी। यहां उनका कार्यालय भी है, जहां वे सरकारी कामकाज से जुड़ी अहम बैठकें करते हैं।

बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री दोपहर 2 बजे इस बैठक में शामिल होंगे। इसमें TVK के अलावा सरकार को समर्थन देने वाले दलों के विधायक भी हिस्सा ले सकते हैं। इनमें कांग्रेस, VCK, MDMK, IUML और वामपंथी दलों के विधायक शामिल हैं।

इससे पहले भी बुलाई थी बैठक

इससे पहले मुख्यमंत्री विजय ने 1 जुलाई और 9 सितंबर को भी सहयोगी दलों के विधायकों के साथ बैठक बुलाई थी। हालांकि, उन दोनों बैठकों में CPI और CPI(M) के विधायक शामिल नहीं हुए थे।

कार्तिगई दीपम विवाद पर BJP ने CM विजय को घेरा

तमिलनाडु में कार्तिगई दीपम को लेकर चल रहे विवाद के बीच भाजपा ने मुख्यमंत्री विजय और राज्य सरकार पर निशाना साधा है। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता और सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने आरोप लगाया कि सुप्रीम कोर्ट की ओर से तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर दीपाथून कार्यक्रम के तहत दीपक जलाने की अनुमति दिए जाने के बावजूद वहां दीपक नहीं जलाया गया।

त्रिवेदी के मुताबिक, सुप्रीम कोर्ट ने 24 नवंबर को कुछ शर्तों के साथ दीपक जलाने की इजाजत दी थी, लेकिन इसके बाद भी आदेश का पालन नहीं किया गया, उन्होंने तमिलनाडु सरकार पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले को लागू नहीं करने का आरोप लगाया, साथ ही कहा कि सरकार के इस रवैये से संविधान और हिंदू धर्म के प्रति उसके नजरिए पर सवाल उठते हैं। भाजपा नेता ने यह भी आरोप लगाया कि राज्य में हिंदू धर्म और सनातन परंपराओं के खिलाफ नकारात्मक सोच को बढ़ावा दिया जा रहा है, उन्होंने कहा कि इस तरह के बयान और रवैया धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले हैं।

 ये भी पढ़ें- कहीं ठंड...कहीं जहरीली हवा का सितम!दिल्ली-NCR में प्रदूषण का कहर; सरकार के दावों पर उठे सवाल