Norton Motorcycles ने अपनी नई 450cc मोटरसाइकिल से पर्दा उठा दिया है। कंपनी ने EICMA शो में इसकी आधिकारिक शुरुआत से ठीक पहले बाइक की झलक दिखाई है। TVS में आने के बाद Norton पहली बार 450cc सेगमेंट में कदम रखने जा रही है। यह कंपनी की अब तक की छोटी क्षमता वाली सिंगल-सिलिंडर बाइक होगी। इस बाइक का लुक काफी अलग और मॉडर्न है। पहली नजर में इसे देखकर ऐसा लगता है जैसे कंपनी ने किसी कॉन्सेप्ट बाइक को सड़क पर उतारने की तैयारी की हो। फिलहाल इसके नाम का खुलासा नहीं किया गया है, तो उम्मीद है कि कंपनी इसका नाम लॉन्च के समय ही बताएंगी। वहीं, माना जा रहा है कि इसकी बिक्री 2027 से शुरू हो सकती है।

Norton 450 का डिजाइन कैसा है?

नई Norton 450 को काफी आकर्षक और फ्यूचरिस्टिक डिजाइन दिया गया है। इसके फ्रंट में छोटी और शार्प हेडलाइट मिलती है। वहीं, फ्यूल टैंक को मस्कुलर और शानदार शेप में तैयार किया गया है। इंजन के आसपास सिल्वर फिनिश देखने को मिलती है, जबकि इंजन के बाकी हिस्सों को ब्लैक कलर में रखा गया है। बाइक में ऊपर की ओर उठा हुआ एग्जॉस्ट दिया गया है, जिसके ऊपर बड़ा मेटल हीट शील्ड लगा है।

इसके अलावा, इसमें अलॉय व्हील्स और स्पोर्टी बॉडीवर्क मिलता है। पीछे की तरफ नंबर प्लेट को रियर व्हील के पास माउंट किया गया है। कुल मिलाकर इसका डिजाइन इसे बाकी आम स्ट्रीट बाइक्स से काफी अलग बनाता है।

इंजन और परफॉर्मेंस के बारे में 

Norton की इस नई बाइक में 454cc का लिक्विड-कूल्ड, सिंगल-सिलिंडर इंजन दिया गया है। यह इंजन 45Nm का टॉर्क पैदा करता है। कंपनी ने इसे खासतौर पर शहर की सड़कों पर आरामदायक और बेहतर राइडिंग अनुभव देने के लिए तैयार किया है। हालांकि, अभी तक कंपनी ने इसकी अधिकतम पावर और गियरबॉक्स से जुड़ी जानकारी साझा नहीं की है। अनुमान लगाया जा रहा है कि यह इंजन करीब 40 से 45bhp की पावर दे सकता है। इसकी असली परफॉर्मेंस का पता पूरी जानकारी सामने आने के बाद ही चलेगा।

फ्रेम, सस्पेंशन और फीचर्स

इस मोटरसाइकिल में एल्युमिनियम फ्रेम का इस्तेमाल किया गया है। Norton के मुताबिक, इससे बाइक को बेहतर कंट्रोल और हैंडलिंग देने में मदद मिलेगी। सस्पेंशन के लिए आगे की तरफ USD फोर्क्स दिए गए हैं। वहीं, दोनों पहियों में डिस्क ब्रेक मिलते हैं। हालांकि, कंपनी ने अभी सस्पेंशन सेटअप और चेसिस से जुड़ी पूरी जानकारी नहीं दी है।

फीचर्स की बात करें तो बाइक में 8-इंच की TFT टचस्क्रीन मिलने वाली है। इसमें एडवांस कनेक्टिविटी फीचर्स भी दिए जाएंगे, जिससे राइडर को कई जरूरी जानकारियां एक ही स्क्रीन पर मिल सकेंगी।

ये भी पढ़ें- Hero की नई एडवेंचर बाइक में मिलेगा 421cc इंजन, कीमत और फीचर्स जान हो जाएंगे हैरान!

कब लॉन्च होगी Norton 450?

Norton ने इससे पहले EICMA 2025 में Manx, Manx R, Atlas और Atlas GT जैसे मॉडल पेश किए थे। इनमें से Manx R और Atlas की डिलीवरी यूरोप के कुछ बाजारों में शुरू हो चुकी है, जबकि बाकी मॉडल्स का इंतजार किया जा रहा है। अब कंपनी अपनी नई 450cc बाइक के जरिए एक नए सेगमेंट में उतरने की तैयारी कर रही है। फिलहाल इसकी कीमत और भारत में लॉन्च को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं है। हालांकि, इसकी बिक्री 2027 में शुरू होने की उम्मीद है। बाइक का असली नाम भी लॉन्च के समय ही सामने आएगा।