Honda Cars India अपनी अपडेटेड Elevate SUV को 6 अक्टूबर 2026 को भारतीय बाजार में पेश करने वाली है। कंपनी के मुताबिक, भारत पहला ऐसा बाजार होगा जहां नई Elevate को लॉन्च किया जाएगा। SUV के लिए प्री-लॉन्च बुकिंग 1 अक्टूबर से शुरू हो चुकी है। ग्राहक Honda की अधिकृत डीलरशिप पर 21,000 रुपये देकर नई Elevate को बुक कर सकते हैं।

कंपनी ने फीचर्स की जानकारी नहीं की है साझा

फिलहाल Honda ने नई SUV की कीमत या इसके सभी वेरिएंट्स में मिलने वाले फीचर्स की पूरी जानकारी साझा नहीं की है। कंपनी ने संकेत दिया है कि अपडेटेड Elevate में ज्यादा आकर्षक एक्सटीरियर, अतिरिक्त फीचर्स और पहले की तुलना में ज्यादा प्रीमियम इंटीरियर देखने को मिलेगा। इसकी कीमत और अन्य अहम जानकारियों से पर्दा लॉन्च के दिन उठेगा।

एक्सटीरियर में नजर आएंगे कई बदलाव

Honda ने टीजर के जरिए नई Elevate के डिजाइन की कुछ झलकियां दिखाई हैं। SUV के फ्रंट प्रोफाइल में नए डिजाइन की ग्रिल और अलग LED लाइटिंग सिग्नेचर देखने को मिलेगा। Honda ने फ्रंट लोगो की पोजिशन में भी बदलाव किया है। अब यह ग्रिल के बजाय बोनट के ऊपरी हिस्से पर दिखाई देगा।

रियर सेक्शन में कनेक्टेड LED लाइटिंग का नया सेटअप नजर आया है। इसके साथ ही बंपर समेत SUV के कुछ अन्य बाहरी हिस्सों में भी बदलाव किए जाने की संभावना है। हालांकि, कंपनी ने अभी सभी डिजाइन अपडेट की आधिकारिक जानकारी नहीं दी है।

केबिन में जुड़ सकते हैं नए फीचर्स

नई Elevate के इंटीरियर को भी पहले से ज्यादा प्रीमियम बनाने की कोशिश की गई है। टीजर में हल्के रंग की सीट अपहोल्स्ट्री के साथ डैशबोर्ड और डोर पैड्स पर एम्बिएंट लाइटिंग दिखाई दी है।

रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि Honda नई Elevate में 360-डिग्री कैमरा और वेंटिलेटेड फ्रंट सीट जैसे फीचर्स शामिल कर सकती है। मौजूदा मॉडल में ये फीचर्स फैक्ट्री-फिटेड रूप में उपलब्ध नहीं हैं। इसके अलावा 10.25-इंच का बड़ा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम भी ज्यादा वेरिएंट्स में मिलने की उम्मीद है। हालांकि, इन फीचर्स की वास्तविक उपलब्धता और वेरिएंट के हिसाब से जानकारी लॉन्च के बाद ही स्पष्ट होगी।

ये भी पढ़ें- KTM Duke 390 को टक्कर देने आई Bajaj Pulsar NS400Z, कीमत और फीचर्स हैरान कर देंगे

इंजन में बदलाव की संभावना कम

मैकेनिकल तौर पर नई Elevate में बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है। SUV में मौजूदा 1.5-लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन को बरकरार रखा जा सकता है। वर्तमान मॉडल में यह इंजन 6-स्पीड मैनुअल और CVT ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन के विकल्प के साथ आता है।

उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, Honda का मुख्य फोकस फेसलिफ्ट में डिजाइन और फीचर अपडेट पर रहेगा। नई Elevate का मुकाबला Hyundai Creta, Kia Seltos, Maruti Suzuki Grand Vitara, Maruti Suzuki Victoris, Toyota Hyryder, Volkswagen Taigun, Skoda Kushaq और Tata Sierra जैसी मिड-साइज SUVs से होगा। बता दें कि नई Honda Elevate की कीमत, वेरिएंट्स और फीचर्स की आधिकारिक जानकारी 6 अक्टूबर को लॉन्च के दौरान ही सामने आएगी।