Yeh Prem Mol Liya Trailer: सूरज बड़जात्या की आने वाली फिल्म 'ये प्रेम मोल लिया' का ट्रेलर बुधवार को रिलीज कर दिया गया। आयुष्मान खुराना और शरवरी वाघ की मुख्य भूमिका वाली यह फिल्म प्यार, शादी और परिवार के रिश्तों को एक नए नजरिए से दिखाने की कोशिश करती है। फिल्म की कहानी में सबसे दिलचस्प बात यह है कि शादी के बाद पत्नी अपने पति के घर जाने के बजाय पति उसके घर रहने पहुंचता है।
सूरज बड़जात्या की फिल्मों में परिवार और रिश्तों की अहम भूमिका रही है। इस बार भी उन्होंने उसी दुनिया को चुना है, लेकिन कहानी में कुछ बदलाव नजर आ रहे हैं। ट्रेलर में शादी के बाद की जिंदगी, दोनों परिवारों के बीच तालमेल और पति-पत्नी के फैसलों में बराबरी जैसे मुद्दों को जगह दी गई है।
शादी के बाद पत्नी के घर जाएगा पति
ट्रेलर में आयुष्मान खुराना और शरवरी एक ऐसे कपल के रूप में नजर आते हैं, जिनका रिश्ता डेटिंग से शुरू होकर शादी तक पहुंचता है। आमतौर पर हिंदी फिल्मों में शादी के बाद दुल्हन को पति के घर जाते दिखाया जाता है, लेकिन 'ये प्रेम मोल लिया' में कहानी इस परंपरागत व्यवस्था से अलग दिखाई देती है। फिल्म में पति शादी के बाद पत्नी के घर रहने जाता है। कहानी का एक अहम हिस्सा यह भी है कि महिला किरदार अपने रिश्ते और भविष्य से जुड़े फैसलों में बराबर की भूमिका निभाती है। फिल्म यह सवाल उठाती दिखती है कि क्या शादी के बाद किसी एक व्यक्ति को अपने परिवार से दूर होना जरूरी है या दोनों परिवारों के साथ मिलकर नई जिंदगी बनाई जा सकती है।
आयुष्मान-शरवरी की जोड़ी और डायलॉग की चर्चा
ट्रेलर में आयुष्मान और शरवरी की जोड़ी को काफी जगह मिली है। दोनों के बीच रोमांस के साथ हल्के-फुल्के पारिवारिक पल भी दिखाए गए हैं। फिल्म का एक संवाद, 'अगर इतना भी नहीं किया तो क्या प्यार किया?', रिश्ते में एक-दूसरे के लिए किए जाने वाले प्रयासों की ओर इशारा करता है। फिल्म में कई अनुभवी कलाकार भी नजर आएंगे। इनमें अनुपम खेर, सुप्रिया पाठक, सीमा पाहवा, सौम्या टंडन, स्वानंद किरकिरे, श्रुति सेठ, शाद रंधावा, गिरीश कुलकर्णी और राजेश कुमार शामिल हैं।
हिमेश रेशमिया ने तैयार किया संगीत
फिल्म के प्रचार में इसके गानों की भी अहम भूमिका रही है। इसका गाना 'झुमका पटोला' एक मिलियन से ज्यादा व्यूज पार कर चुका है। फिल्म का संगीत हिमेश रेशमिया ने तैयार किया है। 'ये प्रेम मोल लिया' का निर्देशन सूरज आर. बड़जात्या ने किया है। फिल्म का निर्माण राजश्री प्रोडक्शंस ने महावीर जैन फिल्म्स के साथ मिलकर किया है।
27 नवंबर को सिनेमाघरों में आएगी फिल्म
आयुष्मान खुराना और शरवरी की यह फिल्म 27 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। ट्रेलर के बाद अब दर्शकों की नजर इस बात पर रहेगी कि सूरज बड़जात्या की यह नई पारिवारिक कहानी बड़े पर्दे पर कैसी प्रतिक्रिया हासिल करती है।
यह भी पढ़ें: पत्नी के जरिए जेल से भेजा संदेश सार्वजनिक करने पर रसेल ब्रांड की बढ़ीं मुश्किलें, ब्रिटेन में जांच शुरू